अपनी चाहत का इजहार तो करें मगर पहले ये भी जान लें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
'शी लव्ज मी, शी लव्ज मी नॉट', ये पता करने के लिए अब गुलाब के पत्ते तोड़कर तय करने का जमाना गया। अगर आप इस वैलेंटाइन पर किसी लड़की से प्यार का इजहार करना चाहते हैं तो ऐन मौके पर क्लीन बोल्ड (ना सुनने) होने से अच्छा है कि पहले पता कर लें कि वो भी आपसे प्यार करती है या नहीं।
दरअसल कोई आपके प्रेम में हैं, ये जानना भी एक कला है। कहते हैं कि इश्क और मुश्क छिपाए नहीं छिपता, लेकिन आपको छिपने छिपाने की बजाय ये खोजना होगा कि वो वाकई आपसे प्यार करती है या नहीं।
कहीं ऐसा ना हो कि वो आपको महज दोस्त समझती हो और आप दोस्ती को प्यार समझ कर इस वैलेंटाइन पर इजहारे मोहब्बत कर बैठें और मायूस हो जाएं।
इसलिए खुद पता लगाइए कि वो आपसे प्यार करती है या महज दोस्ती है। यहां कुछ संकेत हैं जिसमें उसका प्यार छिपा हो सकता है। इन संकेतों के दम पर ही आप जान जाएंगे कि इश्क की आग दूसरी तरफ भी उतनी ही भड़की है जितनी आपकी तरफ।
SMS की लुका छिपी में भी रखें सावधानी
पहले लोग प्रेम पत्र लिखा करते थे। नया जमाना SMS का है। अगर वो आपके साथ SMS का खेल खेलती है तो काफी हद तक संभावना है कि वो आपसे आकर्षित है और आपसे जुड़े रहना चाहती है।
क्या वो हर बात बताने के लिए आपको मैसेज करती है, हर बात आपसे शेयर करती है। रात में आपको मैसेज किए बिना अगर उसे नींद नहीं आ रही और बिजी होने के बावजूद वो आपसे स्माइलीज के जरिए बात कर रही है तो समझिए वो आपसे इमोशनली जुड़ना चाह रही है।
सो गए क्या..पता है आज हम रेस्टोरेंट गए...यमी खाना था यार. ब्ला ब्ला ब्ला...एक्जाम के लिए बैस्ट ऑफ लक... अब सो जाओ...गुड नाइट....जैसे SMS बताते हैं कि वो आपके प्यार में हैं और इश्क की घंटी दोनो तरफ बजी है।
आपकी पर्सनल लाइफ जाने तो समझो मामला ठीक है
अगर वो दोस्ती के प्रोटोकॉल से आगे जाकर आपकी निजी जिंदगी मसलन पुराने प्रेम प्रसंग, पुरानी गर्लफ्रैंड और डेटिंग के बारे में इंक्वायरी करती है तो समझिए वो आपको लेकर सीरियस है।
दरअसल वो जानना चाह रही है कि प्रेम के मामले में आप कैसे हैं और आपका मिजाज कैसा है।
इसके अलावा वो आपके बचपन, आपके परिवार और एजुकेशन को लेकर उत्सुक है तो समझिए कि वो आपके साथ अपने भविष्य को लेकर सपने बुन रही है।
इसे फ्यूचर इन्वेस्टमैंट कहा जाता है और इश्क की भाषा में इसे 'उतरे जो यार की गली...जाने क्या क्या सामान मिला..दो चार खत इश्क में पगे, इक ख्वाबों का मकान मिला...' कहा जा सकता है।
आपके पकाऊ जोक्स पर हंसे
आप जानते हैं कि आपके जोक्स बरदाश्त से बाहर हैं लेकिन फिर भी जाने क्यों वो ठहाके मार कर हंसती है। अब ये तय करना मुश्किल है कि वो आपके जोक्स पर हंसती है या आपकी मासूमियत पर लेकिन इतना तय है कि ये प्यार है।
दरअसल आपके बोर जोक्स और बोरिंग बातों पर खी खी करके हंसते हुए वो जताना चाहती है कि आप उतने भी बोरिंग नहीं जितना लोग समझते हैं। मोरल सपोर्टिंग का उदाहरण होने के साथ साथ ये प्यार भी है।
इतना ही नहीं वो आपकी बातों और जोक्स को दूसरे लोगों को सुना सुना कर हंसती है और आपकी लोकप्रियता में इजाफा करती है। दरअसल प्यार में घिरे व्यक्ति को सामने वाले की हर बात अच्छी लगती है ...पीजे और बोरिंग किस्से भी। लेकिन इश्क में सब जायज है और यकीन मानिए उसकी हंसी आपके लिए ग्रीन सिग्नल है।
हर बात पे तारीफ का मतलब समझें
अगर आपकी हर बात, हर काम की तारीफ समझिए तो वो आपको चाहने लगी है। आपकी ड्रेस, बाइक, परफ्यूम और यहां तक कि फेसबुक स्टेटस की भी तारीफ करने वाली आपको कितना चाहेगी, खुद ही सोच लीजिए।
क्या वो भी कुछ नया पहनने या करने से पहले आपसे पूछती है कि कैसा लग रहा है। अगर हां तो समझिए फिल्मी स्टोरी शुरू।
दरअसल प्रेम का कैमिकल लोचा जब दिमाग में घुसता है तो सामने वाले ही अदा अच्छी लगती और व्यक्ति प्रेम में प्रंशसा पाने के लिए भी प्रशंसा करता है। इसलिए अगर आपको इश्क पक्का करना है तो उनकी भी तारीफ किया करें।
आपको दूसरे के साथ देखकर जलती है
अगर आप ज्यादा देर तक किसी दूसरे व्यक्ति या लड़की के साथ रहे तो क्या उसे गुस्सा आता है। वो बातों ही बातों में अगर गुस्सा जताती है तो समझिए इश्क का धुंआ उठा है। दरअसल इश्क में बांटने का रिवाज बना ही नहीं है।
ऐसे में अगर आपका रुझान किसी दूसरी कन्या की तरफ गया या दूसरी कन्या आपके करीब आती है तो उसका चिढ़ना और जलना स्वाभाविक है और ये बात प्रेम को तस्दीक करती है। दरअसल जलन ये संकेत देती है कि आप उसके लिए महत्वपूर्ण हैं और वो आपको खोना नहीं चाहती।
हो सकता है कि जिस दिन उसका मैसेज न आए...उस दिन आपने किसी तीसरे व्यक्ति के साथ समय गुजारा हो या किसी के साथ लंच किया हो।
याद्दाश्त पर जोर डालिए पता चल जाएगा कि दूसरे के साथ आपकी नजदीकी उसे कितनी खलती है। वो आपको खोने के डर से झल्ला जाएगी और कोई न कोई बहाना बनाकर आपसे बात करना बंद करेगी। हालांकि ये बोल बंद कुछ समय के लिए होगा क्योंकि वो आपसे दूर नहीं रह पाएगी।
आपके साथ वक्त गुजारना अच्छा लगता है
वो कितनी भी बिजी हो लेकिन उसे अपना अधिकतर वक्त आपके साथ गुजारना अच्छा लगता है। आप जब भी कहें, जहां भी कहें वो उत्साहित होकर आपके साथ चलने के लिए तैयार होती है।
रेस्टोरेंट, मॉल, सिनेमाहॉल या फिर बस स्टैंड ही क्यों न हो...आपकी मौजूदगी में वो खुश रहती है तो समझिए कि वो आपसे इश्क करने लगी है।
अगर वो आपमे इन्टरेस्टेड है तो आपके बाहर जाने के किसी प्रस्ताव को नहीं ठुकराएगी, भले ही घर देर से पहुंचने पर उसे डांट पड़ती हो लेकिन आपसे साथ होने के मौके वो गंवाना नहीं चाहती। इतने रिस्क तो कोई प्यार करने वाला ही उठा सकता है।
आपको छूने से परहेज नहीं करती
ये धारणा गलत है कि लड़कियां दूसरों को छूने से परहेज करती हैं। मामला प्यार का हो तो लड़कियां भी लड़कों की तरह बिहेव करती है।
अगर किसी लड़की को लड़का पसंद है तो वो उसे गाहे बगाहे छूने से परहेज नहीं करेगी और सॉरी नहीं कहेगी। अगर आपके साथ भी कुछ ऐसा होता रहता है तो आपके लिए पॉजिटिव साइन है।
अगर आप गलती से उसे छू लें और सॉरी कहें और वो 'ओ कमॉन यार..कहकर आपको अपराधबोध से बाहर निकाल लेगी। अगर वो आपसे छू जाए तो उस वक्त कुछ नहीं बोलेगी लेकिन कनखियों से आपके रिएक्शन को जरूर महसूस करेगी।
उसके चेहरे की शर्माहट तय करती है कि वो आपसे प्यार करती है और आपकी करीबी उसे भाती है।
अपनी जिंदगी खोल कर रख दे
अगर वो आपसे प्यार करती है तो आपको अपने बारे में सब कुछ बताने को तत्पर रहेगी। अपना बचपन, अपने माता पिता, बचपन के दोस्त, स्कूल, शरारतें, पिछला दफ्तर, प्रेमी और उसकी कमियां खासतौर पर। पहला प्यार टूटने पर वो कितना टूट गई थी...ये वो आपको बता सकती है।
अगर वो आपसे कहे कि दुनिया के सब लड़के धोखेबाज नहीं होते तो समझिए वो आप पर विश्वास कर चुकी है। आप पर भरोसा करके वो आपको अपना इतिहास बताकर ये साबित करना चाहती है कि आप उसके भविष्य के साथी बने। आपके लिए इतना काफी है ये तय करने को कि वो आपसे प्यार करती है।
उसकी आंखें आपसे हटती नहीं
वो आपके दफ्तर में आपकी सहयोगी भी हो सकती है और आपकी पड़ोसन भी। आपके कॉलेज की लड़की भी हो सकती है और दोस्त की बहन भी। वो कोई भी हो सकती है...आप ध्यान दें कि अधिकतर समय उसकी आंखें आप पर टिकी रहती हैं।
इसे घूरना नहीं नजर भरना कहते हैं। वो आपको भरपूर देखना चाहती है....किसी बहाने से या यूं भी। अगर कैसा लग रहे हैं...क्या पहना है....क्या खा रहे हैं .इन सब बातों पर भी उसकी नजर रहेगी।
हो सकता है वो आपसे पूछ बैठे...इतने खुश क्यों हो...इतनी सरदी में जैकेट क्यों नहीं पहना....रात को सोए नहीं थे क्या...कहां रहे दिन भर। आप महसूस करेंगे कि इतनी नजर तो मां भी नहीं रखती...लेकिन ये भी एक तरह की केयर और निगरानी है जो वो आप पर रखती है। इसे निसंदेह प्यार कहेंगे।
अब ये संकेत तय करते हैं कि वो आपके प्यार में है या नहीं। इन्हें तय कीजिए और बढ़ जाइए प्यार की राह पर।