बनारस में किन्नर ने भी मोदी के खिलाफ भरी हुंकार, बीजेपी परेशान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक किन्नर के मैदान में उतरने के ऐलान से भाजपा में खलबली मच गई है।
भाजपा नेताओं ने किन्नरों को मनाने के लिए बुधवार को मेयर डॉ. सत्या पांडेय को भेजा। लेकिन किन्नर अपने फैसले पर अडिग रहे।
मनाने में जुटी भाजपा
पूर्व मेयर आशादेवी उर्फ अमरनाथ की स्मृति में अखिल भारतीय मंगलामुखी किन्नर समाज का पांच दिवसीय सम्मेलन बरगदवां स्थित एक मैरेज हाउस में चल रहा है।
जिसमें सोमवार को बनारस से कमला किन्नर को नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान किया गया था। किन्नरों ने मंगलवार को पूरे प्रदेश में सपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार का निर्णय भी लिया था।
स्थानीय नेताओं की मशक्कत
नरेंद्र मोदी के खिलाफ किन्नर के मैदान में उतरने की सूचना पर भाजपा में हड़कंप मच गया। स्थानीय नेताओं ने इसकी सूचना प्रदेश पदाधिकारियों को दी।
चर्चा है कि पार्टी पदाधिकारियों ने किन्नर के चुनाव लड़ने की खबर को गंभीरता से लिया और मेयर डॉ. सत्या पांडेय को किन्नरों से मिलकर चुनाव न लड़ने की बात पर राजी करने को कहा।
अपना प्रत्याशी उतारेंगे किन्नर
बुधवार दोपहर मेयर किन्नरों के सम्मेलन में पहुंचीं और उनसे इस मुद्दे पर बात की लेकिन वे प्रत्याशी उतारने के फैसले पर अड़िग रहे। हालांकि किन्नरों ने अपने अंदाज में बधाइयां देते हुए साड़ी भेंट कर मेयर का स्वागत किया।
किन्नरों का कहना था कि बनारस की जनता चाहती है कि कमला किन्नर वहां से चुनाव लड़ें। ऐसे में जनता की भावनाओं का ख्याल रखते हुए चुनाव लड़ना जरूरी है।
अभी नहीं हुआ आखिरी फैसला
वहीं इस पूरे मसले पर मेयर डॉ. सत्या पांडेय ने तीन दिनों से किन्नर अपने सम्मेलन में बुला रहे थे, बुधवार दोपहर सम्मेलन में गई थी। व्यक्तिगत तौर में मैंने बनारस से नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रत्याशी न खड़ा करने की अपील की।
इस पर उन्होंने कहा कि पांच दिनों का समय दीजिए, बनारस में बैठक के बाद इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।