चुनावी रंजिश में मां-बेटे को तेजाब से जलाया
चुनावी रंजिश में इगलास के गांव गोरई में बृहस्पतिवार सुबह मां-बेटे को तेजाब डालकर जला दिया गया। घटना के वक्त मां-बेटे एक ही बिस्तर पर सोये हुए थे, जबकि पति मंदिर गया था। इस हमले के बाद मची चीखपुकार पर हमलावर तो भाग गए।
आनन-फानन घायल मां-बेटे को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां गंभीर रूप से झुलसी महिला की बायीं आंख पूरी तरह से बेकार होना बता दिया गया।
इधर, घटना के विरोध में कस्बे में लोगों ने बाजार बंद रखकर प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। मगर तहरीर न मिलने के कारण देर शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।
इस हमले में महिला की बायीं आंख पूरी तरह से हुई खतम
गोरई निवासी किसान ब्रजेश सिंह घर में पत्नी कमलेश (38) के अलावा दो बेटों पंकज (16) व रिषी (12) संग रहते हैं। ब्रजेश के अनुसार उनकी पड़ोस में ही रहने वाले ताऊ के बेटों से अनबन रहती है।
इस प्रधानी चुनाव में ताऊ के बेटों ने एक प्रत्याशी का समर्थन करते हुए हम लोगों पर भी उसी को वोट देने का 2222222222222222222दबाव बनाया था। मगर हमने अपनी मर्जी से वोट दिया। इस बात से यह लोग और ज्यादा चिढ़ गए। तभी से लगातार हमारे साथ हरकतें हो रही थीं।
अभी 15 दिन पहले हमारी बुर्जी को आग लगा दी गई। चार दिन पहले नलकूप की पानी का पाइप काट दिया गया। इसे लेकर लगातार कहासुनी चल रही थी।
बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे रोजाना की तरह ब्रजेश गांव में ही मंदिर पर दर्शन करने चला गया। इस दौरान बड़ा बेटा पंकज एक पलंग पर सोया हुआ था, जबकि कमलेश व रिषी एक पलंग पर सोये हुए थे। ब्रजेश के जाने के बाद पंकज ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
इसी बीच फिर से दरवाजे पर आहट हुई। इस पर पंकज ने दरवाजा खोला तो दरवाजे पर उसके विपक्षी रिश्ते के ताऊ व उनका बेटा था। उनके हाथ में एक प्लास्टिक की केन लगी थी। उन्होंने दरवाजे खुलते ही अंदर घुसकर पलंग पर रजाई ओढ़कर सो रही कमलेश व रिषी पर उस केन में से तेजाब उड़ेल दिया और भाग गए।
मां-बेटों का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी
इधर, पलक झपकते ही तेजाब ने असर किया और घर में चीखपुकार मच गई। पंकज ने भी चीखना शुरू किया। कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन कमलेश व रिषी को मेडिकल कॉलेज लाया गया।
जहां कमलेश के शरीर का बायीं ओर का हिस्सा सिर से लेकर पैर के टखनों तक बुरी तरह से झुलसा बताया और एक आंख का पूरी तरह से खराब होना बताया गया, जबकि रिषी के बाजू व शरीर के कुछ हिस्सों पर जख्म हुए हैं।
मेडिकल में एसपीआरए व इगलास पुलिस जानकारी करने के लिए पहुंची। इंस्पेक्टर इगलास के अनुसार इस मामले में जिन दो लोगों पर संदेह जताया जा रहा है। वह दोनों हिरासत में हैं। परिजन इलाज कराने में व्यस्त हैं। इसलिए तहरीर नहीं मिली। तहरीर मिलने पर मुकदमा आदि की कार्रवाई होगी।
कस्बे में बाजार बंद कर किया गया प्रदर्शन
इस घटना के विरोध में सुबह से ही कस्बे में लोगों ने बाजार बंद रखा और प्रदर्शन किया। यहां महिला के समर्थन में आवाज उठाई गई और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की गई। इस दौरान कुछ देर को इगलास मथुरा रोड पर जाम लगाने की कोशिश की गई। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत किया।
आरोपियों ने सिरे से नकारे आरोप
इस घटना को लेकर हिरासत में लिए गए आरोपियों ने अपने ऊपर लगे आरोप सिरे से नकार दिए। उनका कहना है कि यह आरोप निराधार हैं। घटना के मूल में कोई और बात है। घर में ही घटना हुई है। हमें तो साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।