यूपी: हाईवे पर भीषण हादसा, 4 शिक्षिकाओं समेत 8 मरे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा-मथुरा हाईवे पर खड़वाई-अटूस के बीच मंगलवार की रात भीषण हादसे में चार शिक्षिकाओं सहित आठ की मौत हो गई। मिढ़ाकुर के सरस्वती शिक्षा निकेतन इंटर कालेज के शिक्षकों का दल वृंदावन से टाटा फोर्स गाड़ी में लौट रहा था तभी ट्रैक्टर ट्राली से भिड़ंत हो गई।
दोनों वाहनों के चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। चीखपुकार पर ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को एसएन इमरजेंसी पहुंचाया गया। तब तक छह और घायलों ने दम तोड़ दिया।
मंगलवार सुबह स्कूल प्रिंसिपल सुधा जैन, मैनेजर राजेंद्र सिंह सोलंकी सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं का 18 सदस्यीय दल मथुरा-वृंदावन भ्रमण पर गया था। पुलिस ने बताया कि रात तकरीबन साढ़े आठ बजे टाटा फोर्स गाड़ी से सभी मिढ़ाकुर लौट रहे थे।
घटनास्थल पर पहुंचा प्रशासनिक अमला
खड़वाई-अटूस गांवों के बीच टाटा फोर्स की मिढ़ाकुर की ओर से आ रही ट्रैक्टर ट्राली से जा टकराई। हादसे की सूचना पर सिकंदरा, जगदीशपुरा थानों की पुलिस पहुंची। क्रेन भी मंगा ली गई। टाटा फोर्स गाड़ी के अज्ञात चालक और ट्रैक्टर चालक कागारौल निवासी धनवीर की मौके पर ही मौत हो गई।
एसएन इमरजेंसी में डाक्टरों ने ज्योति, मिथलेश, रीना, रुचि, हरेंद्र, मैनेजर राजेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। सभी मृतक मिढ़ाकुर और आसपास के रहने वाले थे। घायलों में सुधा जैन, वीरेंद्र सिंह, नीरज पत्नी नरेंद्र सिंह, राजकुमार अग्रवाल, अखिलेश, धर्मेंद्र, रामचंद्र शर्मा, सत्यप्रकाश दीक्षित, मुकेश और विपिन हैं। खबर लिखे जाने तक दो घायलों के नाम पता नहीं चल सके हैं।
देर रात एसपी सिटी समीर सौरभ समेत अन्य पुलिस प्रशासनिक अधिकारी इमरजेंसी पहुंच गए।