शाहरूख खान से ईडी ने की तीन घंटे पूछताछ
प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने अभिनेता शाहरूख खान से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। दरअसल नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लि. (केआरएसपीएल) के शेयर मॉरीशस स्थित कंपनी को बेचे जाने के आरोप में अभिनेता शाहरूख खान से पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान शाहरूख खान ने उन पर लगे सभी आरोपों से इनकार किया। खान ने अधिकारियों को बताया कि आईपीएल में अभिनेत्री जूही चावला और जय मेहता से आपसी सहमति के बाद ही केकेआर के शेयर बेचे गए थे। पूछताछ में उन्होंने सफाई दी कि किसी भी तौर पर फेमा उल्लंघन नहीं किया गया।
आरोपों से खान ने किया इनकार
मुंबई कार्यालय में ईडी के तीन अधिकारियों ने शाहरूख खान से पूछताछ की। फेमा एक्ट के तहत विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामले में अभिनेता शाहरूख खान से दूसरी बार ईडी के अधिकारियों ने पूछताछ की।
बता दें कि शाहरूख खान पर आरोप है कि उन्होंने बेहद कम कीमत में केकेआर के शेयर बेचे हैं। रिपोर्टस के मुताबिक पूछताछ में शाहरूख ने ईडी के अधिकारियों से कहा कि अगर उल्लंघन राशि को वापस लाया जाए तो क्या यह मामला उनके पक्ष में होगा।
लेकिन अधिकारियों ने खान के इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया। बता दें कि इससे पहले इस मामले में उनसे वर्ष 2011 में भी पूछताछ की जा चुकी है।