भूकंप से भारत में करीब 36 लोग मरे, 25 मौतें सिर्फ बिहार में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेपाल में शनिवार को तेज भूकंप के झटके लगे, जिनका असर भारत के भी कई हिस्सों में देखने को मिला। ये झटके दिल्ली एनसीआर, हरियाणा, कलकत्ता, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान और पटना समेत पूरे उत्तर भारत में महसूस किए गए।
भूकंप का पहला झटका करीब 11.40 बजे और दूसरा झटका करीब 12.05 बजे के आसपास महसूस किया गया। इसके बाद करीब 12.20 पर फिर से भूकंप के झटके महसूस किए गए।
टीवी चैनलों के मुताबिक भूंकप की वजह से भारत में करीब 36 लोगों की मौत हो गई है, जिसमें 25 लोग केवल बिहार से हैं। इसमें यूपी के 8 लोग भी शामिल हैं। पश्चिम बंगाल में भी 3 लोगों की भूकंप से मौत हो गई है।
पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी में इमारत गिरने की खबरें आ रही हैं, जिसमें करीब 10 लोग जख्मी हो गए हैं। इस भूकंप के झटकों की वजह से दिल्ली और कोलकाता में मेट्रो की सेवाएं भी रोक दी गईं। दिल्ली में इसकी तीव्रता 5.0 मापी गई है।
वहीं दूसरी ओर पटना से कई घरों में दरारें पड़ने की भी खबरें आ रही हैं। बिहार में भूकंप की तीव्रता 6.0 मापी गई। पीएम नरेंद्र मोदी ने भी बिहार के सीएम से भूकंप को लेकर बात की है। भारत ने अब नेपाल को मदद देने की बात कही है।
जैसे ही भूकंप के झटके लगना शुरू हुए तो दिल्ली एनसीआर में कुछ समय के लिए बिजली भी चली गई। इतना ही नहीं, फोन के सिग्नल भी इस भूकंप से प्रभावित हुए, जिसकी वजह से कहीं फोन भी नहीं लग पा रहा था।
वीडियो में देखिए आगरा के मेडिकल कॉलेज में भूकंप से हुई तबाही
ब्रज इलाके में भी महसूस हुए झटके
ब्रज इलाके में भी भूंकप के झटके महसूस किए गए। आगरा में भी भूकंप के झटके महसूस किेए गए। भूकंप के झटको के साथ लोग सुरक्षित स्थानों की और भागने लगे।
एटा शहर में भी दो घंटे तक भूकंप के झटके महसूस किए जाने की खबर है। ग्वालियर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां के मोतीमहल और पड़ाव इलाके में लोग झटकों से डरकर घरों से बाहर निकल आए।
टुंडला में भी लोग घरों से बाहर निकल आए। आगरा में कई मकानों में दरारें पड़ गई और डरे हुए लोग घरों को खाली कर बाहर निकल आए।
कनाडा में कल-परसों लगा था झटका
गुरुवार और शुक्रवार को कनाडा के पश्चिमी तट पर और ब्रिटिश कोलंबिया के भीतरी हिस्सों में भूकंप के दो झटके महसूस किए गए थे।
रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.2 से 6.1 मापी गई थी। सीबीसी न्यूज़ के अनुसार इन झटकों से जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
वेबसाइट के अनुसार पहला झटका गुरुवार को रात 10.43 पर आया था जबकि दूसरा झटका शुक्रवार को सुबह 6.56 पर आया था।
खबरें हैं कि ये झटके पश्चिमी तट से लेकर उत्तरी तट पर महसूस किए गए थे। इन झटकों के बाद सूनामी की चेतावनी भी जारी की गई थी जिसे बाद में वापस ले लिया गया।
यहां भी हुआ भूकंप से नुकसान
गोरखपुर समेत पूर्वांचल के जिलो में तीन बार भूकम्प के झटके लगे। हमीरपुर में तीन बार भूकंप के झटके से लोगो में दहशत का माहौल हो गया था।
आगरा-मेडिकल कॉलेज में भूकंप से हुए हादसे में बिल्डिंग का छज्जा गिरा, जिससे कई कारें और बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। एत्माउद्दौला के पावर हाउस कॉलोनी में पानी की टंकी गिर गई है। अयोध्या में भूकंप के झटके से मां कामाख्या मंदिर की छत गिर गई।
जौनपुर में भूकम्प के डर से वकील ने दीवानी न्यायालय की बिल्डिंग से छलांग लगा दी। इस 2 मंजिला बिल्डिंग से गिरने के कारण वकील गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भूकंप से बाराबंकी में बड़ा हादसा हुआ है। बसंतापुर प्राथमिक विद्यालय के भवन की दीवार भी गिर गई, जिसमें कई बच्चे दब गए। वहां पर राहत कार्य किया जा रहा है। मोहम्मदपुर खाला के इंदौरा में भी दीवार गिरने से बच्चे की मौत हो गई है।
गोरखपुर में भूकम्प से कूड़ाघाट प्राइमरी विद्यालय की दीवार गिर गई, जिससे 2 बच्चे घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आगरा में भूकंप से फव्वारा चौराहे पर एक घर का छज्जा गिर गया। आस-पास के कई घरों में भी दरारें आ गईं। लोग दहशत में सड़कों पर आ गए।
लखनऊ में भूकंप से नगराम में मस्जिद की दीवार गिर गई, जिसके बाद से लोगों में दहशत का माहौल है।
प्रतापगढ़ में अंतू के जगेसरगंज में भूकंप से घर की दीवार गिर गई, जिसमें दबकर युवक की मौत हो गई।
सिद्धार्थनगर में केंद्रीय विद्यालय की छत गिरने से 3 बच्चे घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।