सबसे ज्यादा सोने की तस्करी दुबई और सिंगापुर से
देश में सोने की बढ़ती मांग के कारण, अधिकतर सोना दुबई और सिंगापुर से तस्करी के जरिये भारत आ रहा है। खुफिया राजस्व निदेशालय के अधिकारी का कहना है कि निदेशालय ने पिछले कुछ समय में दक्षिणी शहरों से कई किलो सोना जब्त किया है।
इनमें पिछले सप्ताह तमिलनाडु के मदुरै एयरपोर्ट से 8.43 करोड़ रुपये का 31.75 किलोग्राम सोना भी शामिल है। अधिकारियों का कहना है कि भारत में सोने की खरीद के प्रति आकर्षण के कारण तस्करों के लिए दुबई और सिंगापुर से सोना खरीदना और भारत लाना बहुत आकर्षक है।
उनका कहना है कि गोल्ड तस्कर और तस्कर गैंग कस्टम अधिकारियों से बचने के लिए अपने आप को वास्तविक यात्री बताते हैं।
आयात शुल्क के कारण बढ़ी तस्करी
अधिकारियों का कहना है कि सोने पर आयात शुल्क में 10 फीसदी की बढ़ोतरी और खरीद पर प्रतिबंध ने इसे तस्करी के लिए आकर्षक विकल्प बना दिया है।
दुबई और सिंगापुर गोल्ड मार्केट के लिए बड़े आपूर्ति केंद्र हैं और दक्षिण भारत के अधिकतर यात्री इन दो स्थानों से होकर आते हैं। भारत की तुलना में दुबई में सोने की कीमतों में प्रति किलोग्राम 2.30 लाख रुपये का अंतर है। दूसरी ओर समुद्री मार्ग से सबसे अधिक सोने की तस्करी श्रीलंका से होती है।
दूसरी ओर सोने पर आयात शुल्क लगाकर सरकार एक ओर सरकारी खजाने पर आयात से होने वाले कर्ज से छुटकारा पाने में तो कामयाब हो रही है क्योंकि लीगल तरीके से आयात तो कम हो गया है, लेकिन तस्करी के जरिए सोना देश में आने से पूरे ही आयात शुल्क को खो रही है और कितना सोना देश में आ रहा है इसका पता भी नहीं चल रहा।