लंदन में दिए मोदी के बयान को कांग्रेस ने ढोंग करार दिया
ब्रिटेन दौरे में असहिष्णुता के मसले पर सफाई देने के बाद भी कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमलावर बनी रही। शुक्रवार को कांग्रेस प्रवक्ता आनंद शर्मा ने कहा कि लंदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पाखंड का प्रदर्शन किया है, वे ढोंगी है।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को ब्रिटेन दौरे के पहले दिन इंग्लैंड के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन के साथ संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भारत में बढ़ रही असहनशीलता के मुद्दे पर सवाल पूछा गया था, जिसके जवाब में उन्होंने कहा कि भारत में हो रही हर घटना काफी मायने रखती है, चाहे वह छोटी से छोटी ही क्यों न हो। भारत बुद्ध और गांधी की धरती है, जहां हर व्यक्ति और उसके विचारों की सुरक्षा काफी अहमियत रखती है। सभी तरह के विचारों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। हमारे देश के यही मूल्य हैं, इसलिए ऐसे मूल्यों के खिलाफ कोई भी बात स्वीकार नहीं की जा सकती है।
हालांकि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के बयान को खारिज कर दिया। मीडिया से बातचीत में कांग्रेस प्रवक्ता आनंद शर्मा ने कहा, 'लंदन में उन्होंने (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) जो कहा वही उनका चरित्र है- दोहरा रवैया और पाखंड।
'मोटी चमड़ी के और संकीर्ण हैं प्रधानमंत्री मोदी'
आनंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोटी चमड़ी के हैं और संकीर्ण हैं, वह विवेक और संयम की सलाह देने वालों की सुनते तक नहीं हैं। वैम्बले में होने वाले मोदी के भाषण पर आनंद शर्मा ने कहा कि वे वहां जरूर ऐसा कुछ बोलेंगे, जिस पर हमें आपत्ति होगा। वह एक बार फिर उनका नाटकीय रूप दिखेगा।
उल्लेखनीय है कि सितंबर में दिल्ली के नजदीक बिसाड़ा गांव में गोमांस रखने के शक में 52 वर्षीय मुसलमान अखलाक की हत्या कर दिए जाने के बाद से नरेंद्र मोदी सरकार मुल्क में बढ़ रहे असहिष्णु तत्वों पर लगाम न कस पाने के कारण विपक्ष समेत बुद्घिजीवियों के निशाने पर है।
असहिष्णुता के विरोध में कई लेखक, कलाकार, फिल्मकार और वैज्ञानिक अपने पुरस्कार लौटा चुके हैं। नारायण मूर्ति, किरण मजूमदार शॉ जैसे उद्योगपति, आरबीआई गवर्नर रघुराज रामन और बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान भी असहिष्णुता पर चिंता व्यक्त कर चुके हैं।