'दादरी की घटना को सियासी रंग ना दिया जाए'
दादरी में गोमांस खाने के शक पर अल्पसंख्यक समुदाय के व्यक्ति की बर्बर हत्या मामले में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने राजनीति न करने की नसीहत दी है।
घटनास्थल पर विभिन्न दलों के नेताओं के दौरे, आपत्तिजनक बयानबाजी और तनावपूर्ण स्थिति के बीच गृहमंत्री ने हत्या को दुभार्ग्यपूर्ण घटना बताया। उन्होंने कहा कि यह घटना पीड़ा पहुंचाने वाली है, मगर अब इसे सियासी रंग नहीं देना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि इस घटना पर विवाद भड़कने के बाद गृह मंत्रालय ने इसी हफ्ते राज्य सरकार से रिपोर्ट तलब की थी। एक समारोह के इतर गृह मंत्री ने दादरी की घटना को दुभार्ग्यपूर्ण बताया।
रिपोर्ट आने पर होगी कार्रवाई
राजनाथ ने कहा कि इस तरह की घटना देश के किसी भी कोने में हो, वह दुभार्ग्यपूर्ण ही होता है। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में किसी के बारे में कुछ नहीं कहना चाहते, मगर ऐसी घटनाओं को सियासी रंग नहीं दिया जाना चाहिए।
राज्य सरकार से रिपोर्ट तलब किए जाने संबंधी सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आ रही होगी। रिपोर्ट आने के बाद इसका अध्ययन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि एक मंदिर से उस घोषणा के बाद कि बछड़े का वध किया गया और उस परिवार ने गोमांस खाया। भीड़ ने 50 वर्षीय अखलाक की पीट पीट कर हत्या कर दी।
भीड़ ने उसके 22 वर्षीय बेटे दानिश पर भी हमला किया और वह अभी अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रहा है।