रेल बजट की ये खासियतें पता चलीं आपको?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोदी सरकार ने रेल सेवाओं को कंप्यूटर माउस से जोड़ने की कोशिश करते हुए यात्रियों को भीड़भाड़, अनिश्चितता, असुरक्षा और आपाधापी से बचाने की कोशिश की है। टिकट का कागज जेब में रखने के पुराने तरीके को खत्म करने की कोशिश के तहत अब सामान्य दर्जे के टिकट के लिए मोबाइल फोन पर एसएमएस आएगा।
यह एसएमएस यात्रा का वैध सबूत माना जाएगा। साथ ही ट्रेनों के आने-जाने के समय की जानकारी अब पहले ही ग्राहकों को एसएमएस से मिलेगा। ट्रेन आने से आधे घंटे पहले ही मोबाइल पर जानकारी देने की तैयारी है।
स्टेशनों पर ट्रेन के आने-जाने का समय, आरक्षण, इमरजेंसी सूचना या यात्रियों से जुड़ी अन्य सूचनाओं के लिए अगले दो सालों में 2000 से ज्यादा डिस्पले बोर्ड लगाने की योजना बनाई गई है।
कंप्यूटर पर रेलवे से जुड़ी हर सेवा और सुविधा के लिए अब अलग-अलग वेबसाइटों पर जाने की सिरदर्दी से भी निजात मिलेगी। इसके लिए रेल मंत्रालय एक एकीकृत ग्राहक पोर्टल तैयार कर रहा है, जिसमें विभिन्न सेवाएं मिलेगी।
एसएमएस से मिलेगी ट्रेन की जानकारी
अब यात्रियों को आरक्षण चार्ट देखने के लिए धक्का-मुक्की नहीं झेलनी पड़ेगी। टिकट परीक्षकों यानी टीटीई को हैंड हेल्ड टर्मिनल उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है, जिसमें चार्ट आसानी से डाउनलोड किया जा सकेगा। साथ ही रिफंड के दावों को भी तेजी से निपटाने में इससे सहायता मिलेगी।
रेलवे के लिए नया आईटी विजन का प्रस्ताव रेल मंत्री ने रखा है। इसके लिए रेल में तकनीकी विकास के लिए नए विचारों के लिए कायाकल्प नाम से एक इनोवेशन परिषद बनाने की तैयारी है।
चलती गाड़ियों में बर्थ की उपलब्धता की आनलाइन सूचना के लिए एक वेब पोर्टल शुरू किया जा रहा है। माल डिब्बों में पार्सल कहां है। इसके लिए नई तकनीक शुरू होगी। वेबसाइट पर घर बैठे इसकी जानकारी मिलेगी।
महिलाओं के डिब्बों में लगेंगे कैमरे
महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए पायलट आधार पर मेन लाइन के चुनिंदा सवारी डिब्बों और छोटे शहरों की गाड़ियों में महिलाओं के डिब्बों में निगरानी रखने के लिए कैमरे लगाए जाएंगे, लेकिन ऐसा करते समय उनकी निजता का ख्याल रखा जाएगा। ट्रेनों में मौज मस्ती सफर का आएगा जमाना।
वाई फाई, मनोरंजन और मोबाइल भी होगा चार्ज
ट्रेनों में अब यात्रा करना मौज मस्ती से कम नहीं होगा। रेल मंत्री अपने इरादों में सफल रहे तो आने वाले दिनों में ट्रेनों में यात्रियों के मनोरंजन के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए आम लोगों से राय मांगने की तैयारी है। यह सुविधा चुनिंदा शताब्दी ट्रेनों में शुरू की जाएगी।
कंपनियों को सेवा देने के लिए लाइसेंस शुल्क देना होगा। अब बी श्रेणी के स्टेशनों में भी मुफ्त वाई फाई सुविधा मुहैया करने का दावा किया गया है। रेल मंत्री ने कहा है कि अब साधारण श्रेणी के सवारी डिब्बों में मोबाइल फोन को चार्ज करने की सुविधा प्रदान की जाएगी और स्लीपर श्रेणी के सवारी डिब्बों में चार्जिंग की सुविधा बढ़ाई जाएगी।
यही नहीं, विश्राम कक्षों की ऑनलाइन बुकिंग के अलावा अब स्टेशनों पर यात्रियों को लॉकर की सुविधा दी जाएगी। वहीं भारतीय रेल पर्यटन और खान-पान निगम के जरिए यात्रियों को प्रमुख स्टेशनों पर लाने ले जाने की सुविधा शुरू करने की तैयारी है। चुनिंदा स्टेशनों पर भुगतान के आधार पर व्हील चेयर की ऑनलाइन बुकिंग सुविधा भी दी जाएगी।