मोदी पर उद्धव के बयान से तिलमिलाई BJP
शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी से नाराज प्रदेश भाजपा में खासी नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी के तहत पार्टी कार्यकर्ता महाराष्ट्र में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनावों में शिवसेना के साथ सीटों का बंटवारा भी नहीं चाहते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष माधव भंडारी ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उद्धव ठाकरे की टिप्पणी की हम कड़ी आलोचना करते हैं। हमारे कार्यकर्ता पार्टी नेतृत्व पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं कि दोनों पार्टियों के बीच बातचीत बंद हो जानी चाहिए और अपना-अपना रास्ता ढूंढ लेना चाहिए।"
उद्धव ने एक टीवी इंटरव्यू में कहा था कि कई राज्यों में मोदी का जादू नहीं चला है, इसलिए लोकसभा चुनावों में जीत को सिर्फ मोदी की नहीं बल्कि गठबंधन की जीत के रूप में देखा जाना चाहिए।
शिवसेना से सीट बंटवारा नहीं चाहती बीजेपी
उद्धव ने कहा था, "लोकसभा चुनावों में पार्टी ने बदलाव के लिए ‘चेहरे’ (मोदी) को वोट दिया और महाराष्ट्र में शिवसेना के योगदान को नहीं भुलाना चाहिए। क्या तमिलनाडु, पंजाब, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में मोदी की लहर देखने को मिली? यह जीत सहयोगी दलों पर भी निर्भर करती है। मोदी हमारे गठबंधन के प्रधानमंत्री हैं।"
भंडारी ने आरोप लगाया कि ऐसा पहली बार नहीं है, जब शिवसेना अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ टिप्पणी की हो। उन्होंने कहा, "कार्यकर्ता सभी तरह की बातचीत बंद करना चाहते हैं और पार्टी नेतृत्व को आखिरकार जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं की सुननी होती है क्योंकि वह जमीनी कार्यों को वे ही हकीकत में बदलते हैं।" भंडारी ने विश्वास जताया कि राज्य में अगली सरकार भाजपा की बनेगी।