'पिता' से मेल नहीं खाया 'बेटी' गीता का DNA
पिछले ही महीने पाकिस्तान से भारत आई गीता का डीएनए जनार्दन महतो से मेल नहीं खाया। इससे पहले जनार्दन महतो ने दावा किया था कि वे गीता के पिता हैं, जबकि डीएनए टेस्ट के बाद यह साफ हो गया है कि गीता जनार्दन महतो की बेटी नहीं है।
पहले गीता ने महतो परिवार को अपने परिवार के तौर पर पहचाना था, लेकिन जब वह महतो परिवार से मिली तो उसने कहा कि महतो परिवार उसके माता-पिता नहीं हैं।
बिहार का महतो परिवार 15 साल बाद भारत वापस लौटी गीता के स्वागत के लिए 27 अक्टूबर को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी पहुंचा था।
इंदौर में रहेगी गीता
इससे पहले विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा था कि अगर गीता का डीएनए महतो परिवार से मेल नहीं खाता है तो वह इंदौर के एक केयर होम में रहेगी। उन्होंने कहा था कि गीता के परिवार की खोज जारी रहेगी।
गीता ने महतो परिवार को इंडियन हाई कमीशन की तरफ से भेजी गई एक तस्वीर से पहचाना था, लेकिन मिलने के बाद मना कर दिया। आपको बता दें कि 15 साल पहले गीता गलती से भारत की सीमा पार कर पाकिस्तान पहुंच गई थी।