लव जेहाद की आड़ में अलीगढ़ में बवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘लव जेहाद’ के नाम पर महानगर में बखेड़ा खड़ा हो गया। युवा भाजपाइयों ने नौरंगाबाद के किराये के कमरे में रंगरेलियां मनाते प्रेमी जोड़े को दबोच लिया और युवक को जमकर पीटा। भाजपाइयों का विरोध इस बात को लेकर था कि दोनों गैर समुदाय के हैं।
पुलिस के सामने ही युवक की बाइक को आग लगा दी गई। मगर जब दोनों ने अपने प्रेम संबंध स्वीकारे और युवती पक्ष बिना कार्रवाई के युवती को ले गया, तो सभी शांत हो गए। फिलहाल युवक के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है और युवा भाजपाइयों के खिलाफ मुकदमे की तैयारी जारी है।
महानगर के भुजपुरा इलाके के शबाब नाम के युवक ने नौरंगाबाद बड़ा दरवाजा गली नंबर चार में एक मकान में किराये पर कमरा ले रखा है। अक्सर वह दिन में ही वहां अपनी अंबेडकर नगर कॉलोनी निवासी प्रेमिका से मिलने आया करता था। इसे लेकर मोहल्ले के लोगों को कुछ शक हुआ और इसकी सूचना युवा भाजपाइयों को दे दी गई।
मंगलवार को जैसे ही वह आया तो युवक को दबोच लिया गया। दोनों कमरें में आपत्तिजनक हालत में थे। कमरे में आपत्तिजनक वस्तुएं व खान पान का सामान भी था। बस यह देखते ही युवक को पीटना शुरू कर दिया। इन लोगों का कहना था कि गैर समुदाय का होकर यहां खुद को हिंदू बताकर रह रहा था। युवती को भी बरगला रखा था। मगर युवक का तर्क था कि उसने अपने विषय में कुछ नहीं छिपाया।
पुलिस के सामने युवक को जमकर पीटा
इसी बीच पहले लैपर्ड व बाद में एसओ आदि पहुंच गए। पुलिस के सामने युवक को जमकर धुना गया। हालांकि जैसे-तैसे एसओ ने उसे बचाया तो कीचड़ डालने तक की कोशिश की गई। बाद में युवती को कपड़े पहनवाकर महिला पुलिस अपने साथ ले गई। इसी बीच महानगर युवा मोर्चा इकाई के कार्यकर्ता ललतेश लोधी ने शबाब की बाइक को पुलिस के सामने ही आग लगा दी, लेकिन बाद में आग को बुझा दिया गया। बाद में सभी पक्ष थाने पहुंच गए।
जहां युवती के परिजनों को भी बुला लिया गया। दोनों ने पूछताछ में चार साल पुराने प्रेम संबंध स्वीकारे। युवती के परिजनों ने लिखित में दिया कि कोई कार्रवाई नहीं चाहते। इस पर युवती को उनके साथ भेज दिया गया। एसओ गांधीपार्क के अनुसार युवक के खिलाफ आपत्तिजनक स्थिति से जुड़ी धारा 294 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
युवा भाजपाइयों के खिलाफ बेवजह माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वहीं एडीएम सिटी अवधेश तिवारी ने बताया कि युगल ने स्वीकारा है कि पिछले चार साल से उनमें प्रेम संबंध थे। दोनों एक दूसरे को भलीभांति जानते थे। इसलिए यह कतई लव जेहाद से जुड़ा प्रकरण नहीं है। बस तूल देने की कोशिश की गई है।