'कन्यादान के साथ पिंडदान भी शुरू करें शिवराज'
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर तंज करते हुए कहा है कि उन्हें कन्यादान योजना के साथ ही पिण्डदान योजना भी शुरू करनी चाहिए।
उन्होंने यह बात ट्वीट कर व्यापम घोटाले में बड़ी संख्या में मौतों को देखते हुए कही है। गौरतलब है कि शिवराज को प्रदेश में कन्यादान योजना शुरू करने के लिए मामा के नाम से भी जाना जाता है।
उल्लेखनीय है कि व्यापम घोटाले से जुड़े 46 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। विपक्ष के निशाने पर सीएम शिवराज सिंह चौहान बने हुए हैं। हालांकि मामले की जांच एसआईटी कर रही है, लेकिन लगातार बढ़ती मौतों के कारण अपनी ही पार्टी के नेताओं के दबाव में आने के बाद शिवराज सिंह ने मामले की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश कर दी है।
क्या है मुख्यमंत्री कन्यादान योजना?
मध्यप्रदेश की मुख्यमंत्री कन्यादान योजना देश में सर्वाधिक लोकप्रिय स्कीम है।
इस योजना के अंतर्गत प्रदेश में सरकार के खर्च पर प्रति वर्ष हजारों युवक-युवतियों को विवाह संपन्न कराया जाता है और उन्हें कन्यादान में उपहार स्वरूप भेंट भी प्रदान की जाती है। इस योजना में मिलने वाली राशि में से 10 हजार रुपए की एफडी वर-वधु के नाम किए जाने का प्रावधान है।
इस राशि को भविष्य में नवविवाहित जोड़े अपने भावी बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर खर्च कर सकते है। अन्य राज्यों में इस योजना को विभिन्न नामों से शुरू किया गया है।