'मोदी का कद बीजेपी, आरएसएस से भी बढ़ा'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह ने भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर एक और वार किया है। उन्होंने कहा है कि मोदी का कद अब उनकी पार्टी भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी बड़ा हो गया है।
दिग्विजय ने मोदी को कट्टर सांप्रदायिक विचारधारा वाला राजनीतिक नेता करार दिया और कहा कि अब वह भाजपा और संघ से आगे निकल चुके हैं।
उन्होंने गुजरात सरकार की ओर से गरीबी रेखा से नीचे रहनेवाले लोगों के लिए 10.80 रुपये प्रति दिन की कमाई को मानक बनाने के लिए भाजपा की खिंचाई की।
मोदी के समर्थन में किए गए 60 फीसदी पोस्ट फर्जी
उन्होंने कहा कि जब योजना आयोग ने गरीबी रेखा का मानक बनाया था तो भाजपा ने काफी हो-हल्ला मचाया था। अब जब गुजरात सरकार गरीबी का मानक तय कर रही है तो राजनाथ सिंह इस पर सफाई क्यों नहीं देते।
दिग्विजय ने कहा कि मोदी कट्टर सांप्रदायिक विचारधारा को मानने वाले नेता हैं और उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों के आरोपियों को खुद सम्मानित किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सोशल नेटवर्क साइटों पर मोदी के समर्थन में किए गए 60 फीसदी पोस्ट फर्जी होते हैं।
कांग्रेस का भी कड़ा हमला
इससे पहले सोमवार को कांग्रेस ने इस मसले पर विशेष प्रेस कांफ्रेंस बुला डाली। कांग्रेस महासचिव अजय माकन ने मांग की कि गरीबों का मजाक उड़ाने के लिए मोदी को माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि गुजरात के नागरिक आपूर्ति विभाग ने गरीबी रेखा की नई परिभाषा दी है, जिसमें दस रुपये अस्सी पैसे से कम आमदनी वाले परिवार को इसके दायरे में रखा गया है।
माकन ने कहा कि सात दिसंबर को मोदी ने रायपुर में नकली लालकिला बनाकर उसके सामने कहा था कि केंद्र सरकार ने तय गरीबी रेखा की परिभाषा को लेकर प्रधानमंत्री और योजना आयोग का उपहास उड़ाया है।
मोदी ने किया देश को गुमराह
माकन ने कहा कि मोदी ने देश को गुमराह किया है। मोदी से देश जानना चाहता है कि अगर 32 रुपये प्रतिदिन आमदनी वाले को गरीब मानना मजाक था तो दस रुपये अस्सी पैसे की रेखा कौन सा माखौल है।
उधर, वित्त मंत्री ने इस मुद्दे पर खुलकर बोलने से इनकार कर दिया। उन्होंने मोदी सरकार पर हमला करने से परहेज करते हुए कहा कि जब किसी सरकारी कमेटी या सर्वेक्षण में इस तरह के आंकड़े आते हैं तो इसका इस्तेमाल किसी खास योजना में लोगों को फायदे पहुंचाने के लिए किया जाता है। ये आंकड़े कहीं से भी अमीरी और गरीबी का पैमाना नहीं है।