'ओबामा ने मोदी को आईना दिखाया! शाबाश ओबामा जी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने भाजपा और नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर हमला बोला। सीरी फोर्ट ऑडिटोरियम में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का भाषण खत्म होन के बाद दिग्विजय सिंह ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए और भाषण की तारीफ के बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नसीहतें दे डाली हैं।
दिग्विजय सिंह ने अपने ट्वीट में कहा, "मोदी जी धार्मिक उन्माद फैलाने वाले लोगों पर लगाम लगाइए चाहे वे किसी भी धर्म के हों। धर्म के नाम पर देश को बांटना बंद करिए।" उन्होंने कहा कि ओबामा ने मोदी को आईना दिखा दिया। शाबाश ओबामा जी। मोदी जी आपकी चाय पर गपशप में भारतीय संविधान की अनुच्छेद 25 पर चर्चा तो हुई होगी? सबक लीजिए।
ओबामा ने अपने भाषण में अनुच्छेद 25 की चर्चा की, जिसके तहत भारतीयों को अपने धर्म का प्रचार करने की छूट मिली हुई है। दिग्विजय सिंह ने अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि ओबामा आपका धन्यवाद कि आपने 'अपने धर्म का प्रचार करने' के भारतीय अधिकार का बखूबी जिक्र किया। दिग्विजय ने कहा कि क्या मोदी अपने मित्र बराक ओबामा की सलाह मानेंगे और विश्व हिंदू परिषद समेत मोहन भागवत से कहेंगे कि वो घर वापसी पर अपने स्पष्टीकरण को बंद करें।
उल्लेखनीय है कि पिछले चंद महीनो में लव जिहाद, धर्म परिवर्तन जैसे मसलों पर मोदी सरकार की काफी आलोचना होती रही है। भाजपा के सांसदों साक्षी महाराज और निरंजन ज्योति के बयानों के कारण भी मोदी सरकार की किरकिरी हुई है।
भाजपा पर लगाया यू-टर्न का आरोप
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने भाजपा नीत एनडीए सरकार पर एक बार फिर से 'यू-टर्न' लेने का आरोप लगाया है। दिग्विजय ने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान भाजपा ने अमेरिका और भारत की बीच होने वाली न्यूक्लियर डील का विरोध किया था, मगर अब वह इससे पलट रही है।
सिंह ने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान भाजपा ने न्यूक्लियर डील बिल का कड़ा विरोध किया था और इसे देश के हितों के खिलाफ बताया था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उस वक्त सुझाव दिया था कि इस संशोधन बिल में सब-क्लाजेज भी रखे जाने चाहिए।
वहीं दूसरी ओर दिग्विजय ने ओबामा के भाषण की तारीफ करने के साथ-साथ मोदी को धार्मिक उन्माद पर भी नसीहत दे डाली। साथ ही मोदी की चाय मेजबानी को लेकर भी दिग्विजय सिंह ने संविधान की धारा- 25 की याद दिलाते हुए भी भाजपा पर करारा तंज कसा।
सिंह ने कहा कि ओबामा ने एक शानदार भाषण दिया। उनके न्यूक्लियर हथियार मुक्त विश्व वाले बयान ने मुझे राजीव गांधी के न्यूक्लियर हथियार मुक्त विश्व के सपने की याद दिला दी।