दिल तोड़ने वाली हार के बाद क्या बोले कैप्टन कूल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में आस्ट्रेलिया के हाथों मात खाने के बाद बेशक पूरा देश सदमे में डूबा हो लेकिन टीम इंडिया के कप्तान माही अपने कूल अंदाज में दिखे। उन्होंने हार से निराशा तो जाहिर की लेकिन मुस्कराते चेहरे से शिकन दूर ही रही।
उन्होंने अच्छे खेल के लिए अपनी टीम की तारीफ भी की तो अपने संन्यास की खबरों पर मीडिया का ही मजाक उड़ा दिया। वहीं मैच में हार के कारणों पर भी बिंदास होकर चर्चा की। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि वह फाइनल में न पहुंचने से निराश हैं।
मैच के बाद मीडिया से बात करते हुए धोनी ने आस्ट्रेलिया से हार पर खुलकर अपनी बात रखी। धोनी ने खुलासा किया कि सबसे पहले टॉस हारना ही टीम के लिए टेंशन का कारण बन गया। जिसके बाद आस्ट्रेलिया ने अच्छी बैंटिंग कर हमारे सामने एक काफी बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।
कहा-फाइनल में नहीं पहुंचने से निराश हूं
हमारे गेंदबाजों ने मुकाबले में लौटने का अच्छा प्रयास किया लेकिन वह काफी नहीं रहा। तेज गेंदबाज उम्मीद पर खरे नहीं उतर सके, अगर वह जल्दी जल्दी कुछ विकेट निकाल देते तो मैच का रुख कुछ और होता। हालांकि स्पिनरों ने अपनी जिम्मेदारी अच्छी तरह निभाई।
329 रनों का स्कोर चेस करने की बात पर धोनी ने कहा पहले भी ऐसे स्कोर चेस होते रहे हैं। लेकिन 300 से ज्यादा रन बनने पर चेस करने पर हमेशा रिस्क रहता है, इसमें आप जीत भी सकते हैं और कई बार मुकाबले हार भी जाते हैं, जैसा हमारे साथ हुआ।
हालांकि ओपनरों ने हमें अच्छी शुरूआत दी। लेकिन 12 ओवर तक हमारा कोई विकेट नहीं गिरा, इसी पार्टनरशिप को हम बड़ा कर सकते थे। लेकिन पहला विकेट गंवाने के बाद बड़ी पार्टनरशिप न होना टीम के लिए नुकसानदायक साबित हुआ।
पुराने खिलाड़ियों को नहीं मिलेगा मौका
वहीं कोहली और रैना का जल्दी आउट होने से भी हम मुकाबले में पिछड़ गए। कुल मिलाकर अच्छी टीम मैच जीती। हार के बाद ड्रेसिंग रूम के माहौल पर माही ने एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि मैं ड्रेसिंग रूम की बातें बाहर शेयर नहीं करता।
मुझे जो लड़कों से कहना था वो कह दिया वहां किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है। वहीं बात-बात में धोनी ने यह भी साफ कर दिया कि आने वाले सालों में यही टीम भारत का प्रतिनिधित्व करती दिखेगी। माही ने कहा कि यह सभी बल्लेबाज आने वाले सालों में टीम को और जीत दिलाएंगे।
ऐसे में साफ है कि टीम से बाहर चल रहे बल्लेबाजों को जल्द ही दोबारा मौका मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है। वहीं उन्होंने फाइनल मुकाबले के लिए दोनों टीमों को शुभकामनाएं दी। कहा न्यूजीलैंड की टीम अच्छी क्रिकेट खेल रही है इसलिए वह बड़ी दावेदार है।
संन्यास की खबरों पर उड़ाया मीडिया का मजाक
वहीं मीडिया में चल रही संन्यास की खबरों पर उन्होंने मीडिया का ही मजाक उड़ा दिया। इस संबंध में सवाल पूछने पर उन्होंने कहा कि मैं अभी इतना बुड्ढा नहीं हुआ, अभी मेरे शरीर में काफी तेजी है।
इसलिए मैं ऐसा नहीं सोचता। मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि आप लोग रिसर्च करके खुद बताओ कि इसकी बॉडी कितना प्रेशर ले पा रही है, इसके शरीर का मूवमेंट कैसा है। वहीं एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुझ पर मीडिया से बचने के आरोप गलत लगते हैं।
हम भी कभी ऊब जाते हैं कि बार बार वही मीडिया वालों का चेहरा दिखता है और वही सवाल पूछे जा रहे हैं। डंकन के साथ हमने काफी अच्छा समय बिताया है। क्रिकेट के बारे में उनका तकनीकी ज्ञान बहुत ज्यादा है।