'देसी हॉपर्स' ने फिल्म एबीसीडी के तर्ज पर जीता वर्ल्ड डांस कंपटिशन
आपको फिल्म एबीसीडी का वो फाइनल मुकाबला तो जरूर याद होगा जिसमें एक भारतीय डांस ग्रुप वर्ल्ड डांसिंग कंपटिशन जीतता है। कुछ इसी अंदाज में एक भारतीय डांस ग्रुप में अमेरिका में आयोजित हुए वर्ल्ड डांसिंग कम्पटिशन का फाइनल मुकाबला जीत लिया है। इस डांस ग्रुप का नाम 'देसी हॉपर्स' है जिसने विदेश में जाकर अपने डांसिंग का जलवा बिखेरा है।
लॉस एंजेलिस कंवेंसन सेंटर में रविवार को जैसे ही इस ग्रुप को विजेता घोषित किया गया वैसे ही पूरा हाल 'भारत माता की जय' और 'गणपति बप्पा मोरया' के नारों से गूंज उठा साथ ही भारत का झंडा भी लहराए गए। विजेता दल को एक ट्रॉफी और करीब 3 लाख रुपये का चेक दिया गया।
14 देशों ने लिया था हिस्सा
इसके अलावा देसी हॉपर्स को 'क्राउड फेवरिट ट्रॉफी' से भी नवाजा गया। यह ट्रॉफी उस टीम को दिया जाता है जिसको दर्शकों ने सबसे ज्यादा पसंद किया हो।
इस दल ने अपने फाइनल मुकाबले में सफेद रंग के कपड़े पहन रखे थे और हाथों में तिरंगे के रंग का बैंड था। इन दल ने अपने डांस की शुरुआत गणेश जी की आकृति बनाकर की। इसके बाद कई तरह के गानों और सलमान की फिल्म किक के गाने 'जुम्मे की रात है' पर भी परफॉर्म किया।
इस कंपटिशन में दुनियाभर के 14 देशों ने हिस्सा लिया था। इस कंपटिशन को एस इंटरनेशनल डांसर्स मैट स्टिफानिना, गालेन हूक्स, अर्नेल कालवारियो, जुन क्युमाडो और बिउ फार्नियर ने जज किया।