{"_id":"aecf9ce4-e270-11e2-8462-d4ae52bc57c2","slug":"depressed-young-film-editor-ends-life","type":"story","status":"publish","title_hn":"बलात्कार पीड़िता फिल्म एडिटर ने फांसी लगाई","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
बलात्कार पीड़िता फिल्म एडिटर ने फांसी लगाई
मुंबई/एजेंसी
Updated Mon, 01 Jul 2013 10:37 PM IST
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्मों में एडिटिंग का काम करने वाली 22 वर्षीय युवती ने रविवार रात अपने कमरे में पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली। पुलिस के मुताबिक दिल्ली की रहने वाली इस युवती ने अपने पूर्व ब्वायफ्रेंड पर बलात्कार का केस दर्ज कराया था।
पुलिस के मुताबिक शैलेंद्र शर्मा केस वापस लेने के लिए पल्लवी झा पर दबाव डालता था, जिसे लेकर वह अक्सर तनाव में रहती थी।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि मृतक पल्लवी झा मुंबई के उपनगरीय इलाके जोगेश्वरी की आदर्श नगर चॉल में रहती थी।
पल्लवी के कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। इस मामले में उसके पूर्व ब्वायफ्रेंड पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पल्लवी फिल्म इंडस्ट्री में कैरियर बनाने के लिए दो साल पहले मुंबई आई थी। उसे बतौर फिल्म एडिटर यहां काम मिल गया था।
पल्लवी मॉडलिंग भी करती थी और दिल्ली के रहने वाले शैलेंद्र शर्मा नाम के एक लड़के से पिछले पांच सालों से उसके संबंध थे। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन लड़के ने बाद में शादी से इनकार कर दिया।
दरअसल, शैलेंद्र ने पल्लवी के माता-पिता से दहेज में 35 लाख रुपये मांगे थे, जिससे उन्होंने इनकार कर दिया था। इसके बाद पल्लवी ने शैलेंद्र के खिलाफ दिल्ली के एक पुलिस स्टेशन में बलात्कार का मामला दर्ज कराया था।
पल्लवी ने अपनी शिकायत में शैलेंद्र पर शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया था। इसके बाद से शैलेंद्र लगातार पल्लवी को केस वापस लेने के लिए धमकाता रहता था। जिसके चलते वह अक्सर तनाव में रहती थी।
पल्लवी की मां वंदना की शिकायत पर आरोपी शैलेंद्र शर्मा पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया गया है।