रची जा रही भाजपा नेताओं के कत्ल की साजिश!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी में अमरोहा के बछरायूं में खुद को आईएम का आतंकी बताते हुए एक व्यक्ति ने पालिकाध्यक्ष से दस लाख रुपये की मांग की है। रुपये नहीं देने पर परिवार सहित उन्हें उड़ाने की धमकी भी दी है। इस संबंध में पालिकाध्यक्ष के मोबाइल फोन पर एक हफ्ते के भीतर आठ एसएमएस भेजे गए हैं। इन्हीं मैसेज के जरिए भाजपा और आरएसएस के बड़े नेताओं की हत्या करने का जिक्र भी किया गया है।
पालिकाध्यक्ष ने शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन के आला अफसरों को इसकी जानकारी दी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
सात नवंबर को पालिकाध्यक्ष अफसर अली वारसी के मोबाइल पर एक एसएमएस आया। इसमें स्वयं को इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) का आतंकी बताने वाले व्यक्ति ने आरएसएस व भाजपा के बड़े नेताओं की हत्या के लिए आधुनिक हथियार खरीदने के लिए दस लाख रुपये मांगे थे। खुद को आतंकी बताने व्यक्ति ने मैसेज में लिखा कि उसे किसी भी सुरक्षा एजेंसी का डर नहीं है। उसकी बात न मानने पर पूरे परिवार को उड़ा देने की धमकी दी।
मामले में एक व्यक्ति हिरासत में
पालिकाध्यक्ष ने एसपी और डीएम को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सात दिन में एक के बाद एक आठ एसएमएस भेजे गए। इस पर पुलिस ने एसएमएस का नंबर सर्विलांस पर लगा दिया है। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
क्षेत्राधिकारी महेश अत्री ने बताया कि पालिकाध्यक्ष अफसर अली वारसी को धमकी दिए जाने का मामला संज्ञान में है। उनके द्वारा इस संबंध में जानकारी दी गई थी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। नंबर सर्विलांस पर लगा दिया गया है, शीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
अमरोहा के अपर पुलिस अधीक्षक विजय गौतम ने कहा कि चेयरमैन की तहरीर लेकर मुकदमा कायम कराया जा रहा है। सर्विलांस के साथ ही कई स्तर से पुलिस तहकीकात में जुटी है। संदिग्ध गतिविधियों के चलते एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसएमएस भेजने वाले जल्द पकड़ में आ जाएंगे।