126 नहीं, 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदेंगे: परिकर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने यूपीए सरकार के प्रस्तावित 126 राफेल लड़ाकू विमान सौदे को आर्थिक रूप से अव्यावहारिक और गैरजरूरी बताया है। उन्होंने कहा एनडीए सरकार केवल 36 राफेल लड़ाकू विमान ही खरीदेगी। इसे रणनीतिक उद्देश्य के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
परिकर ने पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी द्वारा शुरू की गई निविदा प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने इसमें इस तरह रुकावट डाली कि राफेल सौदा कभी लागू ही नहीं हो पाया। इसके साथ ही रक्षा मंत्री ने कांग्रेस की इस आलोचना को भी खारिज कर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वित्त मंत्रालय और सैन्य परियोजनाओं पर निर्णय लेने वाली शीर्ष संस्था रक्षा खरीद परिषद की अवहेलना की।
मिग-21 का स्थान राफेल नहीं स्वदेशी तेजस ही लेगा
परिकर ने कहा कि करार पर काम करने के लिए गठित कमेटी दो-तीन महीनों में अपना काम पूरा कर लेगी। रक्षा मंत्री ने इसके साथ ही कहा कि राफेल विमान मिग-21 का स्थान नहीं ले सकते,इसका स्थान स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस ही लेंगे।
मोदी सरकार ने 20 अरब डॉलर से अधिक के 126 राफेल लड़ाकू विमान सौदे को रद्द कर दिया है,जिसके लिए करीब तीन साल पहले यूपीए सरकार में दासॉल्ट को सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी घोषित किया गया था। परिकर ने एंटनी द्वारा इस कंपनी पर जोर देने के लिए आश्चर्य जताया। मालूम हो कि पिछले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस दौरे के समय सरकार से (जीटूजी) करार के तहत 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने की घोषणा की थी।