गणेश की प्रतिमा की बहाने पर्रिकर ने किया चीन पर तंज
पिछले दिनों आतंकवाद के मसले पर पाकिस्तान को आड़े हाथों ले चुके रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर ने चीन की चुटकी ली है। दिल्ली में आयोजित एक सेमिनार में बुधवार को उन्होंने कहा कि चीन में बनने वाली गणेश की प्रतिमाओं की आंखे लगातार छोटी ही होती जा रही हैं।
पर्रिकर ने पिछले दिनों एक कार्यक्रम में कहा था कि आतंक का प्रभाव आतंक से ही किया जा सकता है।
पर्रिकर के बयान पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के सलाहकार सरताज अजीज ने कड़ी आपत्ति जताई। पर्रिकर ने अजीज की आपत्ति पर तंज करते हुए कहा कि पाकिस्तान को मिर्ची लग गई है, वह भी आंध्र प्रदेश की।
बोले, भारत में ही बने गणेश की प्रतिमा
विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन में आयोजित सेमिनार में पर्रिकर ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। कांग्रेस द्वारा सेना के 'वन रैंक वन पेंशन' का मुद्दा उठाए जाने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस कह रही है कि इस मामले में केवल 500 करोड़ रुपए खर्च होंगे। ऐसा होता तो मैं बहुत पहले ही इसे लागू कर दिया होता।
मेक इन इंडिया के विषय पर आयोजित सेमिनार मे पर्रिकर ने कहा,' आजकल गणेश की प्रतिमा की आंखे छोटी ही होती जा रही हैं। मैंने एक दिन एक प्रतिमा को देखा तो पाया कि वह मेड इन चाइना है।
पर्रिकर ने कहा कि हमें पता है कि गणेश की प्रतिमा कैसी होती है, उनका चेहरा कैसा है, इसलिए हमें उन्हें भारत में ही बनाना होगा। ये बहुत ही गंभीर मसला है।