पुलिस ने बताया, अपहरणकर्ताओं ने कहां रखा था दीप्ति को?
गाजियाबाद से अपहृत की गई दीप्ति को बागपत के ग्राम खेड़ा हटाना में भी रखने का शोर मच गया। ऐसी चर्चा है कि गाजियाबाद पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद ग्राम खेड़ा हटाना में किसी मकान में छापामारी भी की, लेकिन कोई पकड़ा नहीं जा सका। पुलिस अधीक्षक आरएस छवि ने कहा है कि गाजियाबाद पुलिस का खेड़ा हटाना में दबिश की उन्हें कोई सूचना नहीं है।
स्नैपडील कंपनी की सेक्रेट्री दीप्ति को बरामद कर गाजियाबाद की कविनगर पुलिस ने खुलासा किया, जिसमें बताया गया कि आरोपियों ने दीप्ति का 10 फरवरी को अपहरण करने के बाद कई जगह पर घुमाते रहे और कई स्थानों पर रखा गया। चर्चा है कि दीप्ति को बागपत के गांव खेड़ा हटाना में भी रखा गया। यहीं से अपहर्ता उसे किसी दूसरी जगह पर ले गए।
बागपत पुलिस कर रही इंकार
बताया जा रहा है कि ग्राम खेड़ा हटाना में गाजियाबाद पुलिस ने छापामारी भी की, लेकिन वहां कोई हाथ नहीं आया। हालांकि बागपत पुलिस दीप्ति के अपहरण का बागपत से कोई संबंध होने की जानकारी से इंकार कर रही है।
पुलिस अधीक्षक आरएस छवि का कहना है कि गाजियाबाद पुलिस का खेड़ा हटाना में दबिश की उन्हें कोई सूचना नहीं है। खेड़ा हटाना के ग्राम प्रधान बुंदू का कहना है कि गांव में न तो कोई पुलिस आई और न ही किसी अपहर्ता को गांव में लाया गया। यह सिर्फ अफवाह फैलाई गई है।