वायुसेना अधिकारी को टक्कर मारने के मामले में दूसरी गिरफ्तारी
महानगर में 13 जनवरी को एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से हुई वायु सेना के अधिकारी की मौत के मामले में एक और अभियुक्त गिरफ्तार किया गया है। कोलकाता पुलिस ने शाहनवाज खान उर्फ सोनू नाम के इस व्यक्ति को सोमवार तड़के नई दिल्ली से गिरफ्तार किया है। उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाया गया है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) देवाशीष बोराल ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोनू को पुलिस की एक विशेष टीम ने रात दो बजे गिरफ्तार किया।
पुलिस इससे पहले कार चालक तृणमूल कांग्रेस नेता के बेटे सांबिया सोहराब को गिरफ्तार कर चुकी है। उसे फिलहाल 30 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
कुचल दिया गौड़ को
पुलिस का आरोप है कि उस दिन कार में सोनू भी सांबिया के साथ था। दूसरी ओर,
सांबिया के एक अन्य मित्र ने किसी गोपनीय ठिकाने से वीडियो के जरिए अपना
बयान भेजा है।
इसमें उसने कहा है कि सोहराब के मैनेजर राज ने इस मामले में
सोनू को फंसाने की साजिश रची है। उस पर यह कबूल करने के लिए दबाव बनाया जा
रहा है कि हादसे के वक्त कार वही चला रहा था।
13 जनवरी को सुबह रेड रोड पर
गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने वायु सेना के
अधिकारी अभिमन्यु गौड़ को कुचल दिया था।
इससे उसकी मौत हो गई थी। कार से
बरामद कागजातों से पता चला कि वह कार पूर्व राजद विधायक और तृणमूल कांग्रेस
नेता मोहम्मद सोहराब के पुत्र की है। पुलिस का दावा है कि हादसे के वक्त
सांबिया ही कार चला रहा था।