इंजन की छत पर लाश ने किया सैकड़ों किलोमीटर का ‘सफर’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दून एक्सप्रेस (13009) के इंजन पर शव सैकड़ों किमी दूर तक चला आया लेकिन किसी ने देखा नहीं। यूपी के कांठ में ओएचई फाल्ट के चलते ट्रेन को रोका गया। निरीक्षण के दौरान छत पर शव पड़ा मिला। मरने वाले की शिनाख्त नहीं हो पाई। शव की स्थिति को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक की मृत्यु ओएचई की चपेट में आने से हुई। लेकिन घटना कहां और युवक छत पर कैसे चढ़ा इसकी जानकारी नहीं हो पाई है। उसके शर्ट पर डीपीएस सिलीगुड़ी का लोगो था।
गुरुवार को कांठ स्टेशन पर सुबह 4:45 पर ओएचई में शार्ट सर्किट के साथ चिंगारी निकली। उस समय अप लाइन पर दून एक्सप्रेस गुजर रही थी। स्टेशन मास्टर ने सावधानी बरतते हुए दून एक्सप्रेस को रुकवा दिया। इसके बाद इंजन का निरीक्षण किया। इस दौरान इंजन की छत पर शव पड़ा हुआ मिला। शव मिलने की सूचना से स्टेशन पर हड़कंप मच गया। कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। इसके बाद जीआरपी, सिविल पुलिस और आरपीएफ स्टेशन पर पहुंच गए। शव नीचे उतारा गया। शव के नीचे एक लोहे का पाइप भी मिला। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई।
जीआरपी ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दून एक्सप्रेस का कांठ में स्टापेज नहीं है ऐसे में वहां घटना होने की संभावना नहीं है। कोई भी ये बता पाने की स्थिति में नहीं है कि युवक का शव छत पर कैसे पहुंचा। शव बिजली से झुलसा हुआ था। उसकी स्थिति को देखते हुए लगता है मृत्यु घंटों पहले हो चुकी है। दून एक्सप्रेस में डीजल इंजन लगता है, जिसके कारण शव धुएं से काला पड़ हुआ था। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि शव पश्चिम बंगाल से ही ट्रेन की छत पर पड़ा हुआ आ रहा है।
शर्ट पर था डीपीएस सिलीगुड़ी का लोगो
युवक के कपड़ों से शिनाख्त वाला कोई कागज आदि नहीं मिला। जेब से 300 रुपये मिले। पंचनामा भरने वाले एसआई मधुप कुमार ने बताया कि उसकी शर्ट पर डीपीएस सिलीगुड़ी का लोगो लगा हुआ था। मरने वाले की उम्र करीब 24-25 वर्ष रही होगी।
उसके पास से ऐसा कोई कागज या सामान नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके। युवक की मृत्यु करेंट लगने से हुई लग रही है। शव भी इंजन के धुएं से पूरी तरह काला पड़ा हुआ। जिससे लगता है घटना पश्चिम बंगाल के किसी स्टेशन पर हुई है।
सवा दो घंटे कांठ में खड़ी रही एक्सप्रेस ट्रेन
देहरादून जा रही हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस के इंजन की छत पर अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने के बाद ट्रेन कांठ में सवा दो घंटे तक खड़ी रही। इस बीच यात्रियों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ा है। सुबह 4:45 बजे ट्रेन को कांठ रेलवे स्टेशन पर रोका गया था। इसके बाद थाना पुलिस पहुंची। शव को उतारा गया। सात बजे जीआरपी पहुंची। लिखापढ़ी पूरी होने के बाद 7:15 बजे के करीब हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना किया गया।