बेनकाब हुआ पाक, हेडली ने किए बड़े खुलासे
लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का पाकिस्तानी-अमेरिकन आतंकी डेविड हेडली कश्मीर में सक्रिय रूप से भारतीय सेना के खिलाफ लड़ना चाहता था लेकिन एलईटी के कमांडर जकीउर रहमान लखवी ने उसे रोकते हुए कहा था कि उसके पास करने के लिए कुछ और रोमांचकारी काम हैं। लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम ने बताया कि आतंकी हेडली ने खुद कहा है कि वह कश्मीर में भारतीय सेना के खिलाफ लड़ना चाहता था।
उन्होंने कहा, ‘हेडली ने मेजर इकबाल और मेजर अली के बारे में काफी कुछ खुलासा किया, दोनों आईएसआई में थे। यह मेजर इकबाल ही था जिसने हेडली को प्रशिक्षित किया था। इसके अलावा उसने कोर्ट के सामने एलईटी के कुछ और प्रशिक्षकों का खुलासा किया।’ उन्होंने कहा कि मंगलवार को और ज्यादा महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे जाएंगे और अभियोजन पक्ष सच्चाई सामने लाने की कोशिश करेगा।
निकम ने कहा, ‘सोमवार को दिए बयान में हेडली ने जिन बातों का खुलासा किया है मैं उससे पूरी तरह संतुष्ट हूं। हेडली ने पूछताछ के दौरान कुछ सनसनीखेज जानकारियां दी हैं। उसने इस बात को पुख्ता किया है कि वह हाफिज सईद से मिला था और उसकी तस्वीर भी पहचानी है।’
हाफिज सईद से प्रभावित होकर लश्कर में शामिल हुआ था हेडली
निकम के अनुसार हेडली ने कोर्ट को बताया कि वह 2002 में एलईटी में शामिल
हुआ था और जहां उसने एके-47 चलाना, बम विस्फोट करना और रेकी करना सीखा था।
उसने एक लीडरशिप कोर्स भी किया था जहां सईद और लखवी दोनों आया करते थे और
भारत के खिलाफ भाषण दिया करते थे।
उसने पाकिस्तान के हसन अब्दुल कैडेट
कॉलेज से अपनी शिक्षा पूरी की थी लेकिन 17 साल की उम्र में पाकिस्तान छोड़
कर अमेरिका चला गया था।
जाने-माने वकील माजिद मेमन ने कहा कि हेडली के
बयान से मुंबई आतंकी हमले के बारे में छुपे तथ्यों को उजागर करने में भारत
को मदद मिलेगी और पाकिस्तान के सामने वह सब साबित करने में मदद मिलेगी
जिससे वे अब तक इनकार करते रहे हैं।
हेडली
के वकील महेश जेठमलानी के अनुसार, उसने स्वीकार किया कि हाफिज सईद से
प्रभावित होकर वह एलईटी में शामिल हुआ था। उसने अदालत को यह जानकारी भी दी
कि मुंबई आतंकी हमले से पहले दो आतंकी हमले के असफल प्रयास किए गए थे।
जेठमलानी ने कहा, ‘हालांकि, उसने आतंकी हमले में एलईटी की भूमिका के बारे
में नहीं बताया। एक अभियोजक के तौर पर मैं यहां अभियोजन पक्ष के साथ सहयोग
के लिए हूं और हेडली के बयान के महत्वपूर्ण बातों के साथ इस मामले को आगे
बढ़ाने में मदद करूंगा।’