फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   curfew relaxation for six hours in faizabad

फैजाबाद में आज भी रहेगी कर्फ्यू में छह घंटे ढील

Tue, 30 Oct 2012 10:43 AM IST
फैजाबाद/ब्यूरो
फैजाबाद/ब्यूरो Updated Tue, 30 Oct 2012 10:43 AM IST
विज्ञापन
curfew relaxation for six hours in faizabad

फैजाबाद के हालात अब पहले से बेहतर होने लगे हैं। सोमवार को जिला प्रशासन ने कर्फ्यू में छह घंटे की ढील दी थी, उस दौरान हालात सामान्य रहे। इसे देखते हुए प्रशासन ने मंगलवार को भी दिन में 10 बजे से शाम चार बजे तक कर्फ्यू में ढील देने की घोषणा की है। हालांकि स्कूल-कॉलेजों की बंदी दो दिनों के लिए बढ़ा दी गई है।

विज्ञापन

      
इससे पूर्व सोमवार को प्रशासन ने कर्फ्यू में आम शहरियों को चार घंटे की ढील दी। हालात सामान्य रहने के चलते यह ढील दो घंटे और बढ़ाई गई। कर्फ्यू में ढील के दौरान रोजमर्रा की वस्तुओं की खरीददारी के लिए लोगों का हुजूम सड़कों पर निकल पड़ा। शहर की सड़कें गुलजार हो गईं। दुकानों पर भीड़ देखी गई।
विज्ञापन


गुरुवार की सुबह से बेमियादी कर्फ्यू की घोषणा के बाद शहर में सन्नाटे के हालात थे। हालात सामान्य होने की ओर बढ़ने के साथ जिला प्रशासन ने रविवार की देर शाम सोमवार को सुबह दस बजे से दो बजे तक कर्फ्यू में ढील दिए जाने की घोषणा की थी। सोमवार को कर्फ्यू की ढील की अवधि शुरू होते ही घरों से लोगों का हुजूम निकल पड़ा। कोई साग-सब्जी खरीदता नजर आया तो कोई राशन व दवा की खरीदारी में जुटा रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन


अपने-अपने वाहनों से निकले लोगों ने संबंधित इलाकों व मुहल्लों में पहुंच अपने परिचितों व शुभचिंतकों का कुशलक्षेम जाना। रोजमर्रा के जरूरी सामान की खरीदारी की। समाचार पत्रों के माध्यम से हालात की जानकारी ले रहे लोगों में सोमवार को चौक क्षेत्र में हुई आगजनी का स्थलीय जायजा लेने की उत्सुकता रही।

प्रभावित दुकानदार भी अपनी दुकानों की छानबीन करते नजर आए। इस दौरान अधिकारियों के नेतृत्व में सीआरपीएफ, आरएएफ, कमांडो, पीएसी व पुलिस के जवान भ्रमण कर हालात का जायजा लेते रहे। चौक-चौराहों से लेकर संवेदनशील इलाकों की गलियों आदि में फोर्स की चौकसी रही। प्रशासन की ओर से लगाई गई 20 टीमें इलाकों की वीडियोग्राफी में जुटी रहीं।

चाय-पान की दुकानें खुलनें से लोगों को राहत हुई। शाम चार बजे ढील की अवधि समाप्त होने के पूर्व से ही लोगों को अपने घरों में चले जाने की हिदायत दी जाने लगी। आधे घंटे में ही शहर की सड़कें फिर से सन्नाटे के आगोश में आ गईं और सड़कों पर फोर्स की चहलकदमी तेज हो गई।
 
डीएम दीपक अग्रवाल ने बताया कि ढील के दौरान कहीं से किसी अप्रिय वारदात अथवा अफवाह की खबर नहीं रही, जिसके चलते मंगलवार को कर्फ्यू में छह घंटे की ढील का फैसला लिया गया है। ढील के दौरान शहरवासियों को मंडी समिति व पराग डेयरी के माध्यम से चावल, साग-सब्जी व दूध की आपूर्ति कराई गई है।

भदरसा में भी लोगों ने खरीदारी की है। शहर व भदरसा में समुदायों के साथ बैठकों का दौर जारी है। आगजनी और तोड़फोड़ से प्रभावित लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से मुलाकात की है। प्रभावितों को मदद का भरोसा दिया गया है। शहर में नुकसान की रिपोर्ट शासन को भेजी गई है। भदरसा की रिपोर्ट रात तक भेज दी जाएगी।


डीएम ने भदरसा में कर्फ्यू लगाए जाने का खंडन करते हुए कहा कि हालात के मद्देनजर वहां भारी मात्रा में फोर्स की तैनाती की गई थी। एसएसपी रमित शर्मा ने बताया कि अमन बहाली के साथ कार्रवाई जारी है। अब तक दर्ज मुकदमों की संख्या 25 और गिरफ्तारियों की संख्या 54 हो गई है। ढील के दौरान कुछ और तहरीरें मिलीं हैं। सोमवार को पांच लोगों की गिरफ्तारी की गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed