यूपी: शराब की बोतलों से सिपाही की हत्या
यूपी में अपराधियों के हौंसले इस कदर बुलंद हैं कि पुलिसकर्मियों को भी नहीं बख्श रहे हैं। मथुरा के कोसीकलां में यूपी पुलिस के एक सिपाही की शराब की बोतलों से पीट-पीट कर बेरहमी के साथ हत्या कर दी गई।
बुधवार को कोसीकलां की कोटवन पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही सतीश यादव का खून से लथपथ शव चौकी से कुछ ही दूरी पर इंडस्ट्रियल एरिया में एक नाले में पड़ा मिला। मृतक के सिर में गहरी चोट पाई गई। मौके की स्थिति के मुताबिक सतीश ने काफी संघर्ष भी किया था।
सतीश की नेमप्लेट जमीन पर पड़ी मिली। पास में ही शराब की बोतलें टूटी पड़ी थी और नाले के पास सड़क किनारे भरा पानी उथला-पुथला दिखाई दिया। इन्हीं सब बातों से प्रथम दृष्ट्या लगा कि बदमाशों से सतीश का काफी झगड़ा और मारपीट हुई।
पुलिस के मुताबिक हत्यारों की संख्या भी ज्यादा रही होगी। पुलिस के आला अधिकारी मौके का मुआयना कर हत्यारों की तलाश में जुट गए हैं।
लेन-देन को लेकर हुआ झगड़ा!
मृतक सिपाही सतीश यादव फिरोजाबाद जनपद के थाना सिंघी के गांव टिकरी का निवासी था। सूत्रों की मानें तो तड़के साढ़े पांच बजे के करीब सतीश यादव नामक सिपाही चौकी पर तैनात था, तभी शराब से भरी कोई गाड़ी आई।
शतीश ने गाड़ी को रोक लिया। गाड़ी में 3-4 लोग थे। सतीश गाड़ी में बैठकर सौदेबाजी करने के उद्देश्य से इंडस्ट्रियल एरिया में ले गया। बताया जा रहा है कि वहां लेन-देन को लेकर झगड़ा हुआ और इसी दौरान शराब माफियाओं ने शराब की बोतलें सतीश के सिर में दे मारी।
हत्यारों ने उसे पानी में भी डुबोया। पुलिस मामले की हकीकत जानने में जुटी है। पहले ऐसी खबर थी कि सिपाही को गोली मारी गई है, लेकिन एसएसपी मंजिल सैनी के मुताबिक डॉक्टर ने गोली लगने से इंकार किया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर जांच शुरू कर दी है।