दूसरे सेमीफाइनल के लिए किसी को बुखार तो किसी के यहां चोरी
विश्वकप-2015 का खुमार अब लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। भारत और आस्ट्रेलिया के बीच होने वाला क्रिकेट मैच हर कोई देखना चाहता है, इसलिए नौकरीपेशा क्रिकेट फैन बीमार होने की योजना बना रहे हैं ताकि उन्हें यह अहम मैच देखने का मौका मिल जाए।
करीब 6000 नौकरीपेशा लोगों के बीच किए गए एक सर्वे में यह खुलासा हुआ है कि 34 फीसदी लोग इस दिन यानी गुरुवार को बीमार होने की योजना बना रहे हैं ताकि उन्हे ऑफिस से छुट्टी मिल सके। वहीं 2 फीसदी लोग घर में चोरी होने की झूठी बात तक कहने पर विचार कर रहे हैं।
वैसे तो भारत के अधिकांश मैच वीकैंड यानी हफ्ते के आखिर में होते हैं, लेकिन पहली बार भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाला अहम मैच गुरुवार को होने जा रहा है। इसी बात ने क्रिकेट फैंस की चिंताओं को बढ़ा दिया है कि आखिर वो मैच देखेंगे कैसै?
वहीं इस दिन ऑफिस में कम लोगों के आने की आशंका के चलते बैंगलोर में काम कर रही एक कंपनी प्लेराइट का कहना है, हमने अपने स्टॉफ को छुट्टी दे दी है। हम खेल का संचार करते हैं और इसके प्रति उत्साही हैं। अगर कोई जरूरी मीटिंग भी होगी तो उसे शाम 4:30 के बाद रखा जाएगा।
दफ्तरों में रहेगा रिलैक्स्ड माहौल
गुडगांव के सिटी बैंक में काम करने वाली पल्लवी सिंह ने बताया कि उन्होंने गुरूवार को नो मीटिंग डे घोषित किया है ताकि हम अपने देश का उत्साह बढ़ा सकें। हालांकि हमने कोई वैन्यू तय नहीं किया है लेकिन हम कार्यालय में एक बड़ी स्क्रीन लगवाएंगे।
कोकाकोला के एक प्रवक्ता ने बताया, " मैच के दिन आमतौर पर ऑफिस में आरामदायक माहौल होता है, हमने अपने कर्मचारियों को छुट्टी तो नहीं दी है लेकिन वो कैफिटेरिया और अपने बॉस के केबिन में जाकर मैच देख सकते हैं।
केपीएमजी इंडिया की पीपुल, परर्फामेंस एंज कल्चर हेड शालिनी पिल्लई ने बताया कि उनके कर्मचारियों को गुरुवार के दिन छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि यह मौका है जब हम ऑस्ट्रेलिया के साथ होने वाले अहम मैच में अपनी टीम का उत्साह बढ़ा सकते हैं।
लुधियाना के क्रिकेट फैंस एक बड़े जश्न की तैयारी कर रहे हैं। कुछ ने तो अभी से ट्रैक्टर बुक करा लिए हैं ताकि वो सड़कों पर निकलकर जश्न मना सकें। वहीं इस दिन रेस्टोरेंट मालिकों ने भी भारी छूट देने की योजना बना रखी है वो हर चौके छक्के पर भी कुछ न कुछ उपहार देने पर विचार कर रहे हैं।
क्रिकेट की दीवानगी के आगे कुछ भी नहीं
12 क्लास में पढ़ने वाले कोच्ची के मार्क एंथनी की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। उन्होंने बताया, "मेरी मम्मी मुझे टीवी नहीं देखने देती, लेकिन मेरे ट्यूशन टीचर वर्गीज कभी भी भारत का मैच देखना मिस नहीं करते और यही वजह है कि मैं उनके साथ कुछ ओवर देख पाता हूं।
चेन्नई के वसंत राज जो कि एक आटो कंसल्टेंट है उन्होंने बताया कि वो खेल खत्म होने के बाद ही ऑफिस जाएंगे क्योंकि यह हमारे लिए अहम मैच है। इसलिए मैं ऑफिस नहीं जा रहा हूं। राज ने कहा कि वो आधे दिन की छुट्टी ले चुके हैं।
वहीं कोलकाता में एमएनसी प्रोफेशनल्स, प्रोफेसर, क्रिकेट फैंस इस दिन अपने सभी कामों को टालने की और एक साथ ऑफिस से छुट्टी लेने की योजना बना रहे हैं। एमएनसी कर्मचारी सोमदत्त बासू ने बताया कि पहले तो वो छुट्टी लेने की योजना बना रहे थे लेकिन अब वो मैच को खत्म होने बाद ही ऑफिस जाएंगे।
बोस इंस्टीट्यूट के प्रोफेसर गौरीशंकर सा ने बताया, "मेरे लिए गुरुवार को भारत का मैच पहली प्राथमिकताओं में से है। उस दिन मेरी सिर्फ एक क्लास है और मैं उसे जल्दी से निपटाकर लैब में इंटरनेट पर मैच देखूंगा।"