माकपा नेता की पत्नी से बलात्कार, हत्या
पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में सोमवार को एक माकपा नेता की पत्नी की कथित बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस अधीक्षक सुकेश जैन ने बताया कि महिला का शव सीलिंग से लटका हुआ मिला।
पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा कि उसके साथ बलात्कार हुआ या उसकी हत्या की गई थी। उन्होंने कहा कि महिला के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, महिला के घर वाले इस मामले में परस्पर विरोधी दावे कर रहे हैं। महिला के पति ने कहा है कि उसकी बलात्कार के बाद हत्या की गई है। महिला के पति के माकपा नेता होने की वजह से पार्टी ने इस मामले में तृणमूल कांग्रेस के गुंडों का हाथ होने का आरोप लगाया है।
माकपा का तृणमूल पर आरोप
माकपा के वरिष्ठ नेता रबीन देव ने दावा किया कि महिला के साथ बलात्कार के बाद उसकी हत्या करने से पहले उसे नंगा घुमाया गया था। देव ने कहा कि महिला के पति को एक साल पहले जबरन गांव छोड़ने पर मजबूर कर दिया गया था।
उसकी वापसी के लिए तृणमूल के गुंडों ने महिला से 12 लाख रुपये की मांग की थी। महिला के इनकार करने पर उसे घर से निकाल कर बिना कपड़ों के घुमाया गया और फिर बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी गई।
हालांकि तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय विधायक दिब्येंदु अधिकारी ने माकपा नेता के दावे को निराधार करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले से पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। तमाम आरोप निराधार हैं।