शादी के बाद प्रेमी जोड़े ने की खुदकुशी
रोहतक के टोहाना में एक प्रेमी जोड़े के आत्महत्या का मामला सामने आया है। घटना समैण गांव की है। जहां ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह एक खेत से दुल्हन की पोशाक में एक युवती का शव पड़ा हुआ देखा।
उसके पास ही एक युवक भी था जिसकी सांसें चल रही थी। ग्रामीणों ने दोनों की इस हालत की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। युवक को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेजा जबकि युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इधर, युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। दोनों मृतकों के परिजनों की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिलने पर पुलिस ने इत्तफाकन मौत की कार्रवाई की है।
ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों के डर से दोनों ने जहर खाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। गांव समैण के खेत में ग्रामीणों को सुबह एक युवक और युवती पड़े मिले।
शादी रचाने के बाद खाया जहर
ग्रामीणों की सूचना पर टोहाना के तहसीलदार हरिओम बिश्नोई और थाना सदर एसएचओ मौके पर पहुंचे। युवक की सांसें चल रही थीं जबकि युवती की मौत हो चुकी थी।
आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाकर युवक को टोहाना के सरकारी अस्पताल भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले युवक की भी सांसें उखड़ चुकी थीं। ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
बृहस्पतिवार रात दोनों ने समाज और परिवार से छिपकर शादी रचाई और फिर जहर खाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार प्रेमी जोड़े के शवों पर चोट का कोई निशान नहीं था। युवती शादी की चूड़ियां और मंगलसूत्र पहने थी।
दोनों के परिजनों ने इस बारे में कोई भी टिप्पणी करने से साफ मना कर दिया। जानकारी के अनुसार मृतक युवक बीरा की उम्र 18 साल जबकि युवती संतोष की उम्र 20 साल थी।
मामले में सदर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि गांव समैण से हमें सूचना मिली थी कि एक युवक और युवती के शव खेत में पडे़ हैं। मौके पर पहुंचने पर देखा तो युवक की सांसें चल रही थीं जबकि युवती की मौत हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने से पहले युवक ने दम तोड़ दिया। दोनों मृतक के परिजनों की तरफ से कोई तहरीर न मिलने पर 174 की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है।