देश को जल्द मिलेगी पहली महिला लड़ाकू विमान पायलट
भारतीय वायुसेना में नया इतिहास रचा जाने वाला है। सेना को पहली महिला लड़ाकू विमान चलाने वाली पायलट मिलने को है।
हैदराबाद स्थित वायुसेना अकादमी में लडाकू विमानों को उड़ाने के लिए चल रहे प्रशिक्षण के दौरान तीन महिला पायलटों को इसमें दक्ष पाया गया है।
यह जानकारी सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी है। इन तीन महिला पायलटों ने बीती जनवरी में अकादमी ज्वाइन किया था, लेकिन शायद ही उनमें से किसी ने सोचा हो कि वे लड़ाकू विमान उड़ायेंगी। बात दें कि दो माह पहले ही महिलाओं द्वारा लड़ाकू विमान उड़ाने संबंधी निर्णय लिया गया है।
45 कैडेट्स में तीन महिलाएं
अकादमी में इस प्रशिक्षण के दौरान उच्च अधिकारियों के एक बोर्ड ने 125 कैडेट्स में विमान उड़ाने की क्षमता को गहनता से परखा, जिसके बाद 45 को विमान उड़ाने के लिए चयन किया गया, जिसमें 3 महिला पायलट भी हैं।
इसी 19 दिसंबर को ये कैडेट अकादामी से स्नातक होंगे, जिसके पहले इनका चयन हैदराबाद के हकीमपेट स्थित लड़ाकू विमान किरण एमके -2 के प्रशिक्षण के लिए किया गया है। यह प्रशिक्षण जनवरी की शुरुआत से शुरू होकर अगले 6 माह तक चलेगा।
यह प्रशिक्षण का दूसरा चरण होगा, इसके बाद जो कैडेट्स इसमें क्वालीफाई हो जाएंगे वो प्रशिक्षण के तीसरे चरण के लिए कर्नाटक के बिड़ार जाएंगे, जहां उन्हें एडवांस जेट उड़ाने की ट्रेनिंग दी जाएगी।