मेहदी को गिरफ्तार करने वाले अफसर को मिली धमकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईएस के लिए ट्विटर हैंडल चलाने वाले बंगलुरू के युवक मेहदी मशरूर हसन को गिरफ्तार करने वाले पुलिस अधिकारी को धमकी दी गई है। हालांकि पुलिस अधिकारी ने धमकी को नजरअंदाज कर दिया है और उन्होंने कहा है कि वह ऐसी धमकियों को गंभीरता से नहीं लेते।
उल्लेखनीय है कि मेहदी को बंगलुरू क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया। टीम का नेतृत्व डीसीपी अभिषेक गोयल कर रहे थे। डीसीपी अभिषेक गोयल को भेजे गए ट्विटर मैसेज में कहा गया है, "गोयल हम अपने भाई तो तुम्हारे हाथों में नहीं छोड़ेंगे, बदला बाकी है हमारे जवाब का इंतजार करो।" ट्वीट जिस अकाउंट से पोस्ट किया गया है, वह अबु अनफाल अल मगरिबी नाम के व्यक्ति द्वारा संचालित किया जा रहा है। वहीं एक अन्य नाम से भेजे गए संदेश में लिखा है, "हेल अवेट्स हिम"।
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी लोकसभा में मेहदी की गिरफ्तारी मामले पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि मेहदी कोलकाता का रहने वाला है और वो आईएसआईएस का ट्विटर अकाउंट चलाता था। उन्होंने बताया कि कॉलेज के दिनों से ही इराक और अफगानिस्तान की खबरों को फालो कर रहा था। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि इस्लामिक स्टेट के लिए ट्विटर अकाउंट हैंडल करने वाले बंगलुरू के युवक के 60 फीसदी ट्विटर फालोअर्स गैर-मुस्लिम हैं और उसके जितने भी मुस्लिम फालोअर्स हैं वो पश्चिमी देशों से ताल्लुक रखते हैं, विशेषकर यूनाइटेड किंगडम से।
पुलिस अधिकारी चिंतित नहीं
खुद को मिली धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह सिर्फ बयानबाजी भर है। उन्होंने कहा कि मैं निजी तौर पर इस धमकी को गंभीरता से नहीं लेता हूं और मैं इसको लेकर ज्यादा चिंतित नहीं हूं।
इसी बीच बंगलुरू पुलिस ने स्थानीय मजिस्ट्रेट से अनुमति लेकर मेहदी को पांच दिन की हिरासत में लिया है। साथ ही साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने उसके अपार्टमेंट को भी अपने कब्जे में लिया था।
ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस क्राइम हेमनाथ निंबालकर ने कहा कि पुलिस यह जांच कर रही है कि कहीं मेहदी इस संगठन की स्लीपर सेल का हिस्सा तो नहीं है और उसके इस शहर से कुछ तार तो नहीं जुड़े हैं।
वहीं जांचकर्ता इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही मेहदी की प्रोफाइल और उसके फालोअर्स की भी जांच पड़ताल की जा रही है।