यूपी: एसपी बंगले पर सिपाही ने खुदकुशी की
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के पीलीभीत में एसपी बंगले की संतरी पोस्ट पर तैनात बरेली जिले के थाना आंवला के गांव कसूमरा निवासी सिपाही 27 वर्षीय दिनेश कुमार ने रविवार सुबह सरकारी राइफल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचीं एसपी ने दिनेश कुमार को आनन-फानन में जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के छोटे भाई सुरेश कुमार ने बताया कि दिनेश की तीन दिसंबर को तिलक और पांच दिसंबर को शादी होनी थी, जिसके लिए उसे छुट्टी नहीं मिल रही थी। इससे वह परेशान जरूर था, लेकिन वह खुदकुशी नहीं कर सकता। सुरेश ने भाई की हत्या की आशंका जताई है।
एएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि दिनेश कुमार रविवार सुबह तीन से छह बजे तक पहरे की ड्यूटी पर था। सुबह पांच बजे के करीब गोली की आवाज सुनकर बंगले पर तैनात अन्य सिपाही मेन गेट पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दिनेश का शव संतरी पोस्ट के अंदर फर्श पर पड़ा था और वहां की लाइट बंद थी।
सुसाइड नोट में आत्महत्या का कारण नहीं
सिपाहियों की सूचना पर एसपी सोनिया सिंह मौके पर पहुंचीं। औंधे मुंह पडे़ सिपाही के शव के नीचे सरकारी राइफल दबी हुई थी। एक पैर का जूता और मोजा निकला हुआ था और मोबाइल पोस्ट में बने एक होल में रखा मिला। गोली लगने से सिर के चिथड़े उड़ गए थे।
पुलिस का मानना है कि दिनेश ने पैर के अंगूठे से ट्रिगर दबाकर खुदकुशी की होगी। सूचना मिलते ही तमाम पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद शहीद स्मारक पर सिपाही को पुष्प चक्र अर्पित कर सलामी दी। एसपी ने मौके पर पहुंचे सिपाही के परिवारवालों से बातचीत की और उन्हें ढांढस बंधाया। इसके बाद परिवारवाले शव को घर ले गए।
एसपी सोनिया सिंह का कहना है कि घटना स्थल पर मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्य खुदकुशी करने की पुष्टि कर रहे हैं। खुदकुशी की वजह तलाशी जा रही है। सिपाही की ओर से दिए गए छुट्टी के प्रार्थनापत्र पर नियमानुसार छुट्टी स्वीकृत कर दी गई थी। सुसाइड नोट में दिनेश ने आत्महत्या का कारण नहीं लिखा है।