टीचर को आतंकवादी बनाना चाहते थे सिपाही
दो सिपाहियों ने सोमवार की सुबह ऐसी खौफनाक साजिश रची कि अफसर तक सकते में आ गए। पहले तो यह जानकर हड़कंप मचा गया कि खेकड़ा में एक शख्स विस्फोटक सामग्री के साथ पकड़ा गया। फिर सब यह पता चलने पर अवाक रह गए कि वह एक टीचर है, दो सिपाहियों समेत तीन लोगों ने उसका अपहरण कर उसे फंसाने के लिए यह पूरा षड्यंत्र रचा है।
एसपी जितेंद्र शाही ने सख्त रुख अपनाते हुए दोनों सिपाहियों समेत तीनों के खिलाफ एफआईआर के निर्देश दिए। इस पर रात को टीचर की तहरीर पर केस दर्ज किया। एसपी ने कहा दोनों सिपाहियों की बरखास्तगी भी हो सकती है।
ये सिपाही हैं शामली में वाणिज्य कर विभाग में तैनात राहुल यादव और बागपत पुलिस लाइन का हातम सिंह। इनके तीसरे साथी का नाम-पता अभी सामने नहीं आया है। ये तीनों मोदीनगर से टीचर कुलदीप सैनी का घर से अपहरण कर लाए थे।
कुलदीप सैनी की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोप है कि इन तीनों ने उन्हें खेकड़ा के पास रास्ते में बुरी तरह धमकाया। इसके बाद उनके पास कोई विस्फोटक सामग्री रखी। फिर मीडिया के लोगों को बुलाकर फोटो खिंचवाए।
मुकदमा दर्ज कर बर्खास्त करने की तैयारी
इसके बाद कंट्रोल रूम पर झूठी सूचना दी कि एक शख्स विस्फोटक सामग्री लेकर जा रहा है। साजिश ऐसी थी कि फंसने वाले के बचने का कोई रास्ता ही न बचे, लेकिन खेल ज्यादा देर चल नहीं पाया।
सूचना मिलते ही पुलिस के अफसर हरकत में आए। कुलदीप सैनी ने बताया उसे पुलिस के ही लोग उठाकर लाए हैं। इसकी जांच हुई तो सच सामने आ गया। राहुल नाम का सिपाही पहले बागपत में तैनात रहा है।
पुलिस सूत्रों ने बताया वह साजिशों का मास्टर है। पुलिस की जांच में आया कि कुलदीप सैनी को फंसाने के लिए किसी से मोटी रकम की डील हुई। वह कौन है, इसकी अभी जांच चल रही है। सिपाही इस डील में कैसे शामिल हुए। यह भी पुलिस की पड़ताल का हिस्सा है।
सीओ खेकड़ा राजवीर सिंह ने बताया दोनों सिपाहियों समेत तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। एसपी जितेंद्र शाही ने बताया दोनों सिपाहियों के खिलाफ सख्त से सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।