राहुल ने लौटाए सरकारी बंगले, लालू को मोहलत
रालोद नेता अजित सिंह के हठी रुख के विपरीत कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कोटे के अतिरिक्त आवंटित बंगलों को तत्काल खाली कर दिया है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने राजनीतिक कामकाज के लिए आवंटित दोनों बंगलों को सरकार के एक आदेश पर यह कहते हुए लौटा दिया कि यदि वह इसके पात्र नहीं हैं तो उन्हें लौटाने में कोई दिक्कत नहीं है।
सरकार को यह जवाब देने के चंद घंटों के भीतर ही राहुल ने अपने नाम पर आवंटित दो अन्य बंगलों को खाली कर दिया। राहुल के पास अब 12 तुगलक लेन का बंगला ही है। लोकसभा आवास समिति के अध्यक्ष किरीट सोमैया ने कहा कि राहुल ने आवंटित दो अतिरिक्त बंगलों को खाली कर दिया है।
दूसरी ओर सरकार ने अजित सिंह की तरह ही बंगला खाली करने में आनाकानी कर रहे सपा के नए राज्यसभा सांसद नीरज शेखर के बंगले की बिजली पानी बंद करने का निर्देश जारी किया है। नीरज पहले लोकसभा सांसद थे, जिसके चलते उनको बड़ा बंगला आवंटित किया गया था।
लालू यादव को थोड़ी मोहलत
इसके अलावा अनुरोध किए जाने के चलते राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को बंगला खाली करने के लिए कुछ और दिनों की मोहलत दी गई है। सोमैया ने बताया कि यह पहली बार है जब लगभग सभी बंगले खाली करा लिए गए हैं। इसके चलते लोकसभा सदस्यों को अब मकान की किल्लत नहीं झेलनी पडे़गी।
उन्होंने कहा कि बंगला खाली कराने में भाजपा नेताओं के साथ भी नरमी नहीं बरती गई है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, यशवंत सिन्हा और जसवंत सिंह सरीखे नेताओं के भी बंगले सरकार ने खाली करवाए हैं।
अतिथि ठहराव के नाम पर आशियाना नहीं
अतिथि ठहराव के नाम पर सांसदों को अब लुटियन दिल्ली में आशियाना नसीब नहीं होगा। गड़बड़ी की शिकायतें आने के बाद सरकार ने यह निर्णय लिया है कि अब वह अतिथि आवास के नाम पर सांसदों को आशियाना आवंटित नहीं करेगी।
अतिथि ठहराव के नाम पर तीन महीने आवंटित होने वाले आशियाने में भारी गड़बड़ी का पता चला है। तीन महीने के बजाय लोग इसमें लंबा समय तक जमे रहते हैं, जोकि वास्तव में अतिथि नहीं होते हैं।
सरकार ने सांसदों के अस्थायी अतिथि ठहराव के लिए बने वीपी हाउस और वेस्टर्न कोर्ट में ठहराव के दिनों में कटौती का प्रस्ताव बनाया है। अब इन जगहों पर अतिथियों को तीन दिन से ज्यादा ठहरने की अनुमति नहीं होगी।
400 सांसद फ्लैटों का पुनर्निर्माण का निर्णय
सरकार ने साउथ एवेन्यू और नार्थ एवेन्यू स्थित 400 सांसद फ्लैटों के पुनर्निर्माण का फैसला लिया है। सोमैया ने बताया कि पुनर्निर्माण की कवायद में नार्थ एवेन्यू के 1 से 60 नंबर के फ्लैटों का आवंटन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि पुनर्निर्माण का प्रस्ताव शहरी विकास मंत्रालय के पास भेज दिया गया है। जल्द ही इन पर काम शुरू होगा।