अनुशासनहीनता को लेकर राहुल ने लगाई कड़ी फटकार
दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को मुंबई पहुंचे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मुंबई कांग्रेस में चल रही उठापटक के बहाने अनुशासनहीनता को लेकर कांग्रेसियों को कड़ी फटकार लगाई। हालांकि वह प्रत्यक्ष तौर पर गुटबाजी को लेकर कुछ बोलने से बचे। उन्होंने सबको साथ चलने की हिदायत दी।
राहुल गांधी ने दोपहर में मलाड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, तो शाम को मुंबई कांग्रेस कार्यालय राजीव गांधी भवन में मुरली देवड़ा सभागार का उद्घाटन करने के बाद पार्टी नेताओं को भी इशारों-इशारों में काफी कुछ कहा।
राहुल ने कहा कि कांग्रेस कॉम्पलिकेटेड पार्टी है। उन्होंने सबको साथ आने का संदेश देते हुए कहा कि वह 2004 से राजनीति में हैं। इतने सालों में यह देख लिया कि पार्टी में क्या-क्या मुश्किलें होती हैं। विरोध कहां से होता है।
मोदी भाषण अच्छा देते हैं, लेकिन काम नहीं करते
उन्होंने पार्टी नेताओं को मिलजुल कर रहने की नसीहत देते हुए कड़े लहजे में
कहा कि स्थिति बिगड़ी तो अनुशासन का डंडा चलाना पड़ेगा। सूत्रों ने बताया
कि उन्होंने महालक्ष्मी के रेसकोर्स में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम को क्लीन चिट दे दी।
राहुल गांधी ने
कहा कि कांग्रेस दर्शन में छपे लेख पर उन्होंने माफी मांग ली है और दोबारा
ऐसी गलती नहीं होने का भरोसा दिया है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी भाषण अच्छा देते हैं, लेकिन जब काम करने की बात आती है, तब वह शांत हो जाते हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि पीएम मोदी सिर्फ बड़ी-बड़ी घोषणाएं करते हैं, लेकिन उनका आर्थिक आधार नहीं होता। इसलिए मोदी सरकार की साख दिनोंदिन गिरती जा रही है।