नेहरू-सोनिया की आलोचना पर निरूपम को भेजा गया नोटिस
बुधवार को इस संबंध में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटोनी की अध्यक्षता वाली अनुशासनात्मक समिति ने कारण बताओ नोटिस जारी किया और उनसे जवाब मांगा गया है। इससे दो दिन पहले संजय निरुपम ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी। जिसके बाद राहुल का दो दिन (15-16 जनवरी) का मुंबई दौरा भी तय हो गया।
इससे विरोधी गुट को यह संदेश गया कि निरुपम पर आलाकमान मेहरबान है। लेकिन, राहुल के मुंबई दौरे से पहले ही कारण बताओ नोटिस जारी होने से इस चर्चा को बल मिला है कि कांग्रेस आलाकमान निरुपम की सफाई से संतुष्ट नहीं है।
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जा सकते हैं निरुपम
दूसरी ओर कांग्रेस आलाकमान ने यह भी संदेश दे दिया है कि पार्टी उपाध्यक्ष का मुंबई दौरा केवल निरूपम के भरोसे नहीं है। इससे मुंबई कांग्रेस महासचिव गुरुदास कामत खेमा सक्रिय हो गया है।
कांग्रेस के 131वें स्थापना दिवस पर प्रकाशित कांग्रेस दर्शन के विशेष अंक में पंडित जवाहरलाल नेहरू समेत कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की आलोचना की गई थी।
कांग्रेसियों की मानें तो पार्टी कभी किसी नेता को जल्दबाजी में कारण बताओ नोटिस जारी नहीं करती। नोटिस जारी होने से संकेत साफ है कि निरुपम की मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद से विदाई की तैयारी शुरू हो चुकी है।