कांग्रेस ने कश्मीर मुद्दे पर मोदी की तारीफ
संयुक्त राष्ट्र के मंच से कश्मीर मुद्दे पर जनमत संग्रह की मांग करने वाले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध किया है।
साथ ही पार्टी ने भारत का पक्ष रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है। संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कश्मीर में जनमत संग्रह की बात की थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कश्मीर का मसला उठाने को लेकर पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। मोदी ने कहा था कि यूएन में कश्मीर का मसला उठाने से कुछ हासिल नहीं होगा।
कांग्रेस प्रवक्ता राज बब्बर ने कहा कि नवाज शरीफ ने कश्मीर मुद्दे पर इस तरह की बात करके फिर से जाहिर किया है कि वे सीमा पर शांति कायम करने के प्रति गंभीर नहीं है। बब्बर ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने भारत का पक्ष रखा, इसके लिए पार्टी उनका सराहना करती है और उन्हें धन्यवाद देती है।
'कांग्रेस की उपलिब्ध्यों को स्वीकारा'
अमेरिका के न्यूयार्क स्थित मेडिसन स्क्वायर गार्डन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारतीय मूल के लोगों के सामने मेगा शो पर कांग्रेस ने धन्यवाद कहते हुए हमला बोला है।
पार्टी प्रवक्ता राजबब्बर ने कहा है कि कांग्रेस ने पिछले 60 सालों में जो किया है, प्रधानमंत्री ने उसे न्यूयार्क में स्वीकार किया है। इसके लिए वह धन्यवाद के पात्र है।
उन्होंने तर्क दिया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया का सबसे मजबूत लोकतंत्र भारत का है और देश के युवा में दुनिया की मांग को पूरा करने की ताकत है। भारत के लोग सांप से खेलते थे अब माउस से खेलते है। ये सब उपलब्धियां एक दिन में नहीं बनी है। कांग्रेस की सरकारों की वजह से ये संभव हो पाया है।
महात्मा गांधी का नाम गलत नाम पुकारा
राजबब्बर ने कहा कि देश में कंप्यूटर का माउस राजीव गांधी ही लाए। उनके चलते ही ये सब संभव हो पाया। भाषण के दौरान मोदी के महात्मा गांधी का नाम गलत पुकारने पर कांग्रेस ने कहा है कि जो लोग सिर्फ प्रचार पाने के लिए उनका नाम लेते है, वे गलत उच्चारण करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मुझे दुख होता है कि महात्मा गांधी को मार दिया गया। नाम गलत लेने वालों ने उनके लिए क्या किया। ये बताया जाना चाहिए।
मगर जब उनसे पूछा गया कि आप किन पर महात्मा गांधी की हत्या करने का आरोप लगा रहे है तो उन्होंने इसका सीधा जवाब देने से इनकार कर दिया।
उन्होंने अमेरिका में एक भारतीय पत्रकार के साथ मारपीट की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि माहौल खतरनाक होता जा रहा है। किसी से असहमत और आलोचना करने के जवाब में हिंसा देखने को मिल रही है।