कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक कांग्रेस हो रही दो फाड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक आंतरिक कलह से जूझ रही कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पंजाब में पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ बगावती तेवर से राज्य में कांग्रेस दोफाड़ के कगार पर दिख रही है। महाराष्ट्र, असम, पंजाब, हरियाणा, तमिलनाडु, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत तमाम राज्यों में कांग्रेस के अंदर खींचतान जारी है, लेकिन कांग्रेस हाईकमान चुप्पी साधे हुए है।
कई राज्यों के नेता कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल से इन मामलों को लेकर मिल चुके हैं। हरियाणा में चुनाव बीत चुके हैं। मगर पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा को लेकर प्रदेश कांग्रेस में खींचतान बरकरार है।
सूत्रों के मुताबिक कुमारी सैलजा ने सोनिया से शिकायत की है कि हरियाणा में हुड्डा एक समानांतर कांग्रेस चला रहे हैं।
पार्टी के कई नेता नाराज
उत्तर प्रदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल खत्री से पार्टी के कई नेता नाराज हैं। वहीं पीएल पुनिया को राज्यसभा भेजने को लेकर बेनी प्रसाद वर्मा और श्रीप्रकाश जायसवाल मुंह फुलाए हैं। बिहार में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी के खिलाफ भी बगावत तेज हो गई है। वरिष्ठ नेता रामजतन सिन्हा और पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा उनको हटाने की मांग कर रहे हैं।
तमिलनाडु में जयंती नटराजन संगठन में बड़ा पद नहीं मिलने से नाराज हैं। मध्य प्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रदेश कांग्रेस में हावी हो रहे हैं। दिल्ली में बैठकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जिलाध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी की नियुक्तियों में जमकर हस्तक्षेप कर रहे है। ऐसे में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव की स्थिति कमजोर पड़ने लगी है। छत्तीसगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री अजित जोगी और पूर्व केंद्रीय मंत्री चरण दास महंत के बीच तलवारें खींची हुई हैं।
राजस्थान में भी पार्टी महासचिव सीपी जोशी और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीच खींचतान जारी है। असम में मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के खिलाफ बगावत के सुर तेज हो गए हैं। मगर पार्टी कोई कदम उठाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है। महाराष्ट्र में पूर्व मंत्री नारायण राणे भी हाईकमान से नाराज माने जा रहे हैं। उनके पार्टी से अलग होने की भी चर्चा है।