कांग्रेस सांसद ने हाफिज सईद से की धर्मांतरण की तुलना
संसद में शीतकालीन सत्र के दौरान कांग्रेस के एक सांसद ने राज्यसभा में ऐसा विवादित बयान दे दिया जिसको लेकर हंगामा शुरू हो गया। उनके बयान पर विपक्षी सांसदों ने तो हंगामा मचाया ही कांग्रेस सदस्य भी असहमत नजर आए।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के बयान को लेकर चल रही चर्चा के दौरान उसकी तुलना धर्मांतरण मामले से करते हुए कहा कि जो काम हाफिज सईद पाकिस्तान में कर रहा है उसे उसके भाई भारत में धर्मांतरण के रूप में कर रहे हैं।
तिवारी के यह बोलते ही राज्यसभा में हंगामा शुरू हो गया। भाजपा नेता और केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने उनके इस बयान पर घोर आपत्ति जताते हुए उन्हें हद में रहने की सलाह दे डाली। तिवारी के इस बयान पर अन्य सांसदों ने भी आपत्ति जताई।
हाफिज सईद ने उगला था भारत के विरुद्ध जहर
वहीं बयान पर हो हल्ला मचने के बाद तिवारी को चुप होना पड़ा। वहीं, उनके बयान पर उपसभापति ने भी आपत्ति जताते हुए इस मामले से न जोड़ने की सलाह दी।
दूसरी ओर धर्मांतरण मामले को लेकर दूसरे दिन भी राज्यसभा की कार्रवाई लगभग ठप सी रही। विपक्ष लगातार मामले में प्रधानमंत्री के बयान की मांग को लेकर अड़ा रहा, जबकि सत्तापक्ष इसके लिए तैयार नहीं हुआ।
हालांकि बाद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्यसभा में पहुंचे लेकिन उन्होंने विपक्ष की मांग को नजरअंदाज ही कर दिया। उन्होंने राज्यसभा की कार्यवाही में जरूर हिस्सा लिया लेकिन धर्मांतरण मामले पर कुछ नहीं बोले।