जब संसद में स्मृति की ढाल बन गईं कांग्रेसी सांसद
बुधवार को लोकसभा में जो कुछ हुआ उसकी उम्मीद न तो मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी को रही होगी और न ही तृणमूल कांग्रेस के सदस्य सुल्तान अहमद को।
स्मृति से सवाल पूछने के दौरान अहमद ने जैसे ही मंत्री अभिनीत टीवी सीरियल की चर्चा शुरू की। कांग्रेस की दो महिला सांसदों ने न केवल उन्हें चुप कराया, बल्कि स्मृति से सदन में बतौर मंत्री व्यवहार करने की नसीहत भी दे डाली।
दरअसल प्रश्नकाल के दौरान पहली बार सवाल का सामना कर रही स्मृति से जब अहमद के सवाल पूछने की बारी आई तो उन्होंने सवाल की जगह उनके अभिनय की तारीफ शुरू कर दी।
टीएमसी सांसद को दी नसीहत
चर्चित सीरियल क्योंकि सास भी कभी बहू की चर्चा करते हुए जब अहमद ने यह कहा कि उन्होंने इसकी सभी कड़ियों को देखा है तो उनके पास ही बैठीं कांग्रेस की रंजीता रंजन और सुष्मिता देव भड़क गईं।
रंजीता ने अहमद को स्मृति के साथ बतौर मंत्री पेश आने की नसीहत दी। सुष्मिता देव ने इस दौरान कहा कि यह मत भूलिये की इस समय स्मृति बतौर मंत्री सदन में हैं।
दो महिला सांसदों की तल्ख टिप्पणियों के साथ ही रक्षात्मक भूमिका में आए अहमद ने मिड डे मील पर सवाल पूछना शुरू कर दिया। इसके बाद रंजीता ने पूरक प्रश्न पूछने के लिए अपनी बारी आने पर स्मृति की तारीफ भी की।