भाजपा से देशभक्ति के प्रमाणपत्र की नहीं है जरूरत: कांग्रेस
असली देशभक्त कौन, कांग्रेस या भाजपा। इसे लेकर देश की दोनों प्रमुख पार्टियां आपस में भिड़ गई हैं। अरब सागर में भारतीय सीमा में संदिग्ध पाकिस्तानी नाव के खिलाफ तटरक्षक बलों की कार्रवाई पर छिड़े बवाल को लेकर दोनों पार्टियों की जुबानी जंग खत्म होने का नाम नहीं ले रही है।
इस पूरे ऑपरेशन पर कांग्रेस के सवाल उठाने को लेकर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को कहा था कि कांग्रेस इस तरह से बात कर रही है, जैसे उसे पाकिस्तान में चुनाव लड़ना हो।
इसके जवाब में कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि उसे भाजपा से देशभक्ति का प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है। पार्टी ने कहा है कि देश की सुरक्षा एजेंसियों के विरोधाभासी बयान के चलते ही इस पूरे ऑपरेशन पर सवाल खड़े हुए हैं।
भाजपा से देश भक्ति सीखने की जरूरत नहीं
कांग्रेस को सवाल उठाने से कोई नहीं रोक सकता। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि गृह मंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा मंत्री मनोहर परिकर अलग-अलग बयान दे रहे हैं।
शर्मा ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष जिस तरह से कांग्रेस के खिलाफ बोल रहे हैं, वह गैर जिम्मेदार रवैया है। कांग्रेस के खिलाफ ऐसा कहना बिल्कुल गलत है। पार्टी का देश को आजादी दिलाने में बड़ा हाथ है।
देश की सेवा करने में पार्टी का लंबा इतिहास रहा है। शर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी जैसे हमारे नेता शहीद हुए हैं। इसलिए हमें भाजपा से देशभक्ति सीखने की जरूरत नहीं है।