कांग्रेस ने की पीएम मोदी की शिकायत
रॉबर्ट वाड्रा से संबंधित जमीन सौदे को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शिकायत की है। कांग्रेस ने मोदी पर हरियाणा के अपने चुनाव प्रचार में झूठी बयानबाजी करने का आरोप लगाया है।
आयोग ने कहा है कि वाड्रा से जुड़े भूमि सौदे को मंजूरी देने में हरियाणा सरकार की ओर से चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन नहीं हुआ है। कांग्रेस ने मोदी पर चुनाव आचार संहिता तोड़ने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस प्रवक्ता आनंद शर्मा ने कहा कि मोदी को पार्टी से माफी मांगनी चाहिए। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री बार बार गलत आरोप लगाकर अपने पद की गरिमा को कम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने लगाया था आरोप
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के निर्णय से भाजपा का चेहरा उतर गया है। देश के प्रधानमंत्री होने के नाते नरेंद्र मोदी ने बहुत ही गैर जिम्मेदाराना बयान दिया था और हरियाणा के मुख्यमंत्री के खिलाफ आरोप लगाए थे।
शर्मा ने पूछा कि क्या प्रधानमंत्री अब मुख्यमंत्री और हरियाणा की जनता से माफी मांगेंगे। प्रधानमंत्री ने एक चुनावी रैली में चुनाव आयोग से कहा था कि वह पिछले दिनों वाड्रा और डीएलएफ के बीच हुए भूमि सौदे को हुड्डा नीत हरियाणा सरकार से मिली मंजूरी को गंभीरता से लें।
उन्होंने आरोप लगाया था कि हरियाणा सरकार ने ऐसा आनन फानन में किया, क्योंकि सत्तारूढ़ कांग्रेस को चुनाव में हार का डर सता रहा है।