चिदंबरम के जवाब में कांग्रेस ने फिर छोड़ा 'अनार बम'
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने गुजरात में कथित तौर से हुए जमीन घोटाले का मुद्दा उठाते हुए इसकी जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) कराने की मांग की है।
सुरजेवाला ने कहा कि गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सबसे करीबी नेता और मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल की बेटी के लिए जमीन का घोटाला किया है, उसकी एसआईटी से जांच होनी चाहिए।
गौरतलब है कि पिछले महीने कांग्रेस ने गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल की बेटी अनार पटेल पर उनके व्यावसायिक सहयोगियों को 150 करोड़ रुपए की जमीन महज सवा करोड़ रुपए में मुहैया कराने का आरोप लगाया था। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अनार ने मुख्यमंत्री की बेटी होने का नाजायज फायदा उठाया।
चिदंबरम के मामले में पलटवार
हालांकि, अनार पटेल ने ऐसे किसी भी आरोप से साफ इनकार कर दिया था। अनार ने यह बात बात कबूली की जिस कंपनी को यह जमीन आवंटित की गई है उसमें उनकी भी हिस्सेदारी है लेकिन जमीन दिलवाने में उनका कोई हाथ नहीं है।
ऐसा माना जा रहा है कि यूपीए सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे पी चिदंबरम पर इशरत जहां मामले को लेकर लगे गंभीर आरोपों के बाद कांग्रेस ने इस मुद्दे को एक बार फिर से उछालने की कोशिश की है।
चिदंबरम पर पूर्व गृह सचिव जीके पिल्लई ने इशरत जहां मामले में दायर की गई चार्जशीट से लश्कर-ए-तैय्यबा से उसके संबंध को हटाने के आरोप लगाए। वहीं एक अन्य अधिकारी पीवीआर मणि ने भी यह बात कबूली है कि इशरत जहां मामले को लेकर उनके ऊपर भी काफी दबाव था।