मोदी की पाक पीएम से वार्ता पर भड़की कांग्रेस, शिवसेना भी खफा
कांग्रेस ने पाकिस्तान के साथ वार्ता को लेकर मोदी सरकार को जमकर घेरा है। कांग्रेस ने मोदी सरकार पर दोहरा रूप अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि केंद्र ने आतंकवाद की वजह से पहले वार्ता रद्द की अब सैनिक के सीमा पर मारे जाने के बाद भी वार्ता की पहल कर रहे हैं।
कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि पाकिस्तान से बातचीत के कई बार इंकार के बावजूद आखिर मोदी सरकार ने यू टर्न क्यों लिया। पार्टी ने कहा कि मुंबई आतंकवादी हमले का गुनहगार जकीउर रहमान लखवी पाकिस्तान सरकार की मदद से खुला घुम रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवाज शरीफ से हाथ मिला रहे हैं।
कांग्रेस ने पीएम से पूछा ये सवाल
कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान पाकिस्तान से बातचीत पर भाजपा तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर सवाल उठाने से बाज नहीं आती थी।
शर्मा ने कहा, अब मोदी इस बात का जवाब देंगे कि सीमा पर सैनिकों के मारे जाने के बावजूद आखिर पाकिस्तान से क्यों मेल जोल बढ़ाया जा रहा है।
पार्टी ने प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पड़ोसियों से कूटनीतिक तरीके से निपटना चुनावी सभाओं में भाषण देकर वाहवाली लूटने जैसा नहीं है। शर्मा ने कहा कि एक जून को ही विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने लखवी को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए पाकिस्तान से बातचीत दुबारा शुरू करने से इंकार किया था।
कांग्रेस ने मोदी सरकार देश की जनता को अंधेरे रखने का आरोप लगाया। पार्टी ने आरोप लगया कि ये सरकार मनमाने तरीके से फैसला ले रही है और पड़ोसियों को आंखे दिखाने का मौका दे रही है। ये सरकार कभी बातचीत की टेबल छोड़कर भाग जाती है और कभी बातचीत के लिए सिर झुका लेती है।
पाकिस्तान से वार्ता पर शिवसेना भी भड़की
रूस में मोदी-शरीफ मुलाकात पर सरकार की अपनी ही सहयोगी शिवसेना ने सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई है। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने इस मुलाकात को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सीमा पर अभी हालात बदले नहीं हैं। पाकिस्तान अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहा है। इसलिए उसे सबक सिखाने की जरूरत है।
उद्धव ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान मोदी ने कहा था कि पाकिस्तान जिस भाषा में समझे उसी भाषा में उसे समझाना चाहिए। मोदी के इस बयान पर पर व्यंग्य कसते हुए उद्धव ने कहा कि पड़ोसी देश को उसी भाषा में सबक सिखाया जाना चाहिए जो भाषा वह समझता है। उन्होंने कहा कि अभी हाल में ही हमारी सेना ने म्यांमार में घुसकर आतंकवादियों का सफाया किया है। मैं नहीं जानता कि सरकार ने इससे कुछ सबक सीखा है या नहीं लेकिन पाकिस्तान को उसकी हरकत के लिए जरूर सबक सिखाना चाहिए।
शिवसेना से नाराज महाराष्ट्र भाजपा
शिवसेना के मुखपत्र में आए दिन भाजपा को निशाना बनाए जाने से महाराष्ट्र भाजपा में भारी नाराजगी देखी जा रही है। भाजपा के एक बरिष्ठ नेता ने प्रधानमंत्री मोदी पर उद्धव ठाकरे की टिप्पणी पर कहा कि यह पहला मौका नहीं है जब शिवसेना ने भाजपा पर निशाना साधा है। इससे पहले विधानसभा चुनाव के दौरान भी प्रधानमंत्री पर शिवसेना ने प्रहार किया था, लेकिन उससे कोई फर्क नहीं पड़ा।