ललित मोदी मामला: कांग्रेस ने मोदी से पूछे 11 सवाल
कांग्रेस ने ललित मोदी की मदद करने के आरोप में सुषमा स्वराज से इस्तीफा मांगा है। आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी को पुर्तगाल का वीजा दिलाने में सुषमा की मदद की बात सामने आते ही कांग्रेस हमलावर हो गई है और उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी इसमें घसीट लिया है। पार्टी ने कहा है कि इस मामले में शक की सूई प्रधानमंत्री के दरवाजे पर आ कर टिक गई है। कांग्रेस ने इस मामले पर सफाई मांगी है।
मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने रविवार को पीएम मोदी को 11 सवाल भेजते हुए पूछा है कि उनकी ओर से पारदर्शिता लाने और भ्रष्टाचार मिटाने के वादे का क्या हुआ।
उसने ललित मोदी का हवाला देते हुए कहा कि अगर भाजपा काले धन से जुड़े मामले लोगों की मदद कर रही है तो फिर काले धन के खिलाफ लड़ाई कैसे लड़ेगी। ललित मोदी पर 700 करोड़ रुपये के मनी लांड्रिंग का मामला है।
कांग्रेस के मोदी से सवाल
कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि लोग पूछ रहे हैं कि क्या नरेंद्र मोदी ललित मोदी की मदद कर रहे हैं। सुषमा कह रही हैं कि ललित मोदी की मदद मानवीय आधार पर की गई। क्या सरकार ने अपराधियों की मदद करने की नीति बनाई है। अगर कल को दाऊद इब्राहिम मदद मांगे तो क्या उसे भी मोदी सरकार मानवीय आधार पर मदद करेगी।
दरअसल, स्वराज के पति स्वराज कौशल की संघ और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से गहरे संबंध हैं। ललित मोदी ने स्वराज कौशल के भतीजे को ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी में एडमिशन दिलाने में मदद दिलाई थी और सुषमा ने ललित मोदी को यात्रा दस्तावेज दिला कर इसका अहसान चुकाया।
जबकि ललित मोदी आईपीएल में भ्रष्टाचार और 700 करोड़ रुपये विदेश ले जाने के दोषी हैं। ऐसे में मोदी सरकार काला धन वापस लेना का दावा कैसे कर सकती है।
इस मामले में सुषमा स्वराज को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। कांग्रेस ने इस मामले में कीथ वाज और ललित मोदी के बीच ई-मेल के आदान-प्रदान को भी जारी किया।