'महिला मंत्री जवाब दे रही है, ऐसा मत कीजिए'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकार और कांग्रेस के बीच लोकसभा में चल रहा राजनैतिक टकराव अपनी हदें पार करता जा रहा है। सुषमा स्वराज जब ललित गेट पर जवाब दे रही थीं उस दौरान स्पीकर के आसान के समक्ष खड़े प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी सांसदों ने पोस्टर सहित सत्ता पक्ष की ओर आने की कोशिश की तो संसदीय कार्य मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि एक महिला मंत्री जवाब दे रही हैं, ऐसा मत कीजिए।
आपके लोग यहां आकर कुछ हमला करें तो अच्छा नहीं होगा। वेंकैया के इन शब्दों के बाद भाजपा सांसद किरीट सौमैया और बृज भूषण शरण सिंह ने कांग्रेस सांसदों का रास्ता रोक दिया।
खुद संसदीय कार्य राज्य मंत्री राजीव प्रताप रूडी उस जगह की सीट पर जाकर बैठ गए। यही नहीं सुषमा की सुरक्षा के लिए महिला भाजपा सांसद भी आगे आ गईं।
ध्यान से सुन रही थी सोनिया
हालांकि ज्योतिरादित्य सिंधिया स्पीकर से यही कहते रहे कि यह क्या दादागिरी चल रही है। इस बीच कांग्रेस सांसद रवनीत बिट्टू की एक भाजपा सांसद से जमकर नोक झोंक भी हुई।
सुषमा स्वराज का जवाब जब समाप्त हुआ उसके बाद रूडी वहां से उठकर आए और सोमैया, बृज भूषण ने रास्ता छोड़ा। इस दौरान सुषमा जब राजीव गांधी पर आरोपों की बौछार कर रही थीं तब शोर-गुल के बीच सोनिया गांधी इन आरोपों को ध्यान से सुनने के लिए कान में लगे स्पीकर को लगातार दबाए रहीं।
इस दौरान राहुल गांधी और सोनिया ने कुछ चर्चा भी की। इसके बाद ही राहुल गांधी ने अपने भाषण में सुषमा से निजी मुलाकात को सार्वजनिक करते हुए उन पर जमकर प्रहार किए।
हालांकि बीजद सांसद भृर्तहरि महताब और टीएमसी सांसद दिनेश त्रिवेदी ने अपने मार्मिक भाषणों के जरिए सांसदों को उनकी लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी का अहसास दिलाया, साथ ही लोकतंत्र के मंदिर की इज्जत रखने की नसीहत दे डाली।