बीयर कैन पर गांधी, कंपनी ने मांगी माफी
एक अमेरिकी कंपनी ने अपनी बीयर की कैन और बोतलों पर महात्मा गांधी की तस्वीर लगाए जाने के बाद अब माफी मांग ली है। कंपनी ने हैदराबाद की एक अदालत में याचिका के बाद ऐसा किया। याचिका में कंपनी पर महात्मा गांधी के 'अपमान' का आरोप था।
हालांकि कनेक्टिकट स्थित न्यू इंग्लैंड ब्रूईंग नामक इस कंपनी का कहना है कि उनका इरादा महात्मा गांधी के प्रति सम्मान व्यक्त करना था। कंपनी ने दावा किया कि इसके लिए उन्होंने महात्मा गांधी के पौत्र और पौत्री से बात भी की थी, जिन्होंने बोतल पर लेबल की प्रशंसा की थी। इस बीयर ब्रेंड का नाम गांधी बॉट है। न्यू इंग्लैंड के मुताबिक गांधी बॉट में अमरीकी हाप्स की तीन प्रकार की बीयर का मिश्रण है।
कानून के तहत दंडनीय अपराध
हैदराबाद स्थित वकील सुंकारी जनार्दन ने मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट, साइबराबाद के समक्ष याचिका दायर कर कहा था कि शराब के डिब्बे पर गांधी की तस्वीर और उनका विवरण, भारतीय कानूनों के तहत दंडनीय अपराध है।
याचिका के मुताबिक यह अपराध प्रीवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर एक्ट, 1971 और आईपीसी की धारा 124-ए (भड़काऊ शब्द, संदेश या तस्वीर का प्रयोग) के तहत आता है।
हालांकि कंपनी के सहयोगी मैट वेस्टफाल का कहना है, "हमारा मकसद किसी को आहत करने का नहीं था। लेकिन यदि इससे भारतीय लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं तो हम माफी चाहते हैं।"