मेरठ: युवती से छेड़छाड़ को लेकर सांप्रदायिक बवाल
दोनों समुदाय की महिलाओं ने भी अपने-अपने घर की छतों से ईंट-पत्थर बरसाए, जिसमें आठ लोगों को चोट आई। फिर सांप्रदायिक बवाल की सूचना पर इंस्पेक्टर सदर बाजार पुलिस टीम को लेकर मौके पर पहुंचे और लाठी फटकार कर लोगों को शांत कराया।
एसएसपी ओंकार सिंह, एसपी सिटी ओमप्रकाश, सीओ सदर कैंट मनीष मिश्रा और प्रशासनिक अफसर भी पहुंच गए। एसएसपी ने दोनों समुदाय के लोगों से बातचीत की और समझाया। युवती के परिजनों ने दो भाइयों समेत 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया, तो एक समुदाय की महिलाओं ने सदर थाने में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने लाठी फटकारकर भीड़ को खदेड़ा।
भाजपाइयों ने फिर सीओ को घेरा
सोतीगंज में लगातार छेड़छाड़ की वारदात को लेकर भाजपाइयों का गुस्सा फूट पड़ा। भाजपा नेता कमलदत शर्मा, सीमा अग्रवाल कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे। सीओ सदर कैंट मनीष मिश्रा का घेराव कर हंगामा किया। सीओ ने कहा कि युवती के आरोपों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लेगी।
एसएसपी ओंकार सिंह ने बताया कि दोनों समुदाय में तनाव को देखते हुए सोतीगंज में पुलिस और पीएसी बल तैनात कर दिया है। आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है।
युवती की मां को पीटकर किया अधमरा
मेरठ जिले के सोतीगंज में शनिवार शाम एक युवती से छेड़छाड़ को लेकर सांप्रदायिक बवाल के बाद पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। आरोपियों ने युवती की मां को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। दोनों समुदाय के लोगों के बीच मारपीट और पथराव हुआ। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एक पक्ष की महिलाओं ने थाने में जमकर हंगामा किया।
दिल्ली रोड स्थित सोतीगंज में दोनों समुदाय की मिश्रित आबादी है। शाम को एक समुदाय की युवती अपने घर के दरवाजे पर खड़ी थी। आरोप है कि दूसरे समुदाय के दो भाई युवती से छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर आरोपी भाइयों ने घर में घुसकर युवती की मां पर हमला बोल दिया।
युवती ने फोन करके अपने भाईयों को जानकारी दी। कुछ ही देर में दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ।